उमेश सिंह
देश में टाइगर स्टेट का दर्जा रखने वाले मध्य प्रदेश को पुनर्गठित राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (NTCA) में तीन स्थान मिले हैं। यह नियुक्ति ऐसे समय हुई है, जब प्रदेश अपनी बढ़ती बाघ आबादी को बचाने की नई चुनौतियों से जूझ रहा है। बता दें कि पूरे देश में केवल मध्य प्रदेश एकलौता ऐसा प्रदेश है जिसे बाघ राज्य होने का गौरव प्राप्त है।
केंद्र ने 14 सदस्यों की नियुक्ति की
केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने प्राधिकरण में 14 सदस्यों की नियुक्ति की है। इनमें आठ विशेषज्ञ सदस्य और अलग-अलग राज्यों के छह मुख्य वन्यजीव संरक्षक शामिल हैं। 18 नवंबर को प्रकाशित गजट अधिसूचना के अनुसार ये नियुक्तियां वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 की धारा 38L के तहत तीन साल के लिए की गई हैं। मध्य प्रदेश के पूर्व अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) डॉ. एच एस नेगी और भोपाल स्थित भारतीय वन प्रबंधन संस्थान (IIFM) की पूर्व फैकल्टी सदस्य डॉ. मधु वर्मा को विशेषज्ञ सदस्य बनाया गया है।
मध्य प्रदेश की प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) और मुख्य वन्यजीव संरक्षक डॉ. समिता राजौरा पदेन सदस्य रहेंगी। आंध्र प्रदेश, बिहार, कर्नाटक, केरल और पश्चिम बंगाल के मुख्य वन्यजीव संरक्षकों को भी प्राधिकरण में शामिल किया गया है।
देश में बाघ संरक्षण का बड़ा केंद्र बना मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश देश में बाघ संरक्षण का प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है। 2022 की बाघ गणना के मुताबिक प्रदेश में 785 बाघ थे, जबकि 2018 में यह संख्या 526 थी। प्रदेश में नौ टाइगर रिजर्व हैं। ये हैं कान्हा, बांधवगढ़, पेंच, पन्ना, सतपुड़ा, संजय-दुबरी, वीरांगना दुर्गावती, रातापानी और माधव। कान्हा और बांधवगढ़ अपने बाघों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचाने जाते हैं। वहीं पन्ना बाघों के पुनर्स्थापन की सफल मिसाल है। नए टाइगर रिजर्व जुड़ने से प्रदेश का संरक्षित क्षेत्र और बढ़ा है। बाघों की बढ़ती संख्या के साथ वन अफसरों की जिम्मेदारी भी बढ़ी है, खासकर रिजर्व के बाहर के इलाकों में।
2026 में बाघों की मौत ने बढ़ाई चिंता
संरक्षण की उपलब्धियों के बावजूद मध्य प्रदेश में 2026 में बाघों की मौत के चिंताजनक आंकड़े सामने आए हैं। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक 19 नवंबर तक प्रदेश में कम से कम 59 बाघों की मौत दर्ज की गई। इनमें अकेले बांधवगढ़ में 13 मौतें बताई गई हैं। NTCA के आधिकारिक मृत्यु रिकॉर्ड में भी नवंबर में बालाघाट जिले और बांधवगढ़ क्षेत्र की घटनाएं दर्ज हैं। इस साल की शुरुआत में बाघों की मौत को लेकर उठी चिंताओं पर मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने बांधवगढ़ प्रबंधन से स्टेटस रिपोर्ट मांगी थी। कुछ मौतें आपसी संघर्ष और प्राकृतिक कारणों से हुई हैं। लेकिन शिकार की आशंका, करंट लगने और दूसरे अप्राकृतिक कारणों से हुई घटनाएं गंभीर चिंता का विषय बनी हुई हैं।
NTCA की भूमिका और प्रदेश को क्या फायदा
NTCA का गठन 2006 में हुआ था। यह वैधानिक संस्था देशभर में बाघ संरक्षण को मजबूत करने के लिए काम करती है। बाघ संरक्षण योजनाओं को मंजूरी देना, रिजर्व प्रबंधन की निगरानी करना और वन्यजीव सुरक्षा के मानक तय करना इसकी जिम्मेदारियों में शामिल है।
मध्य प्रदेश के वर्तमान और सेवानिवृत्त वन अफसरों के साथ शिक्षाविद की मौजूदगी से प्रदेश की जमीनी चुनौतियां राष्ट्रीय नीति निर्माण के मंच तक पहुंच सकती हैं। शिकार विरोधी उपायों को मजबूत करना, वन्यजीव गलियारों की सुरक्षा, वैज्ञानिक निगरानी में सुधार और मानव-वन्यजीव संघर्ष में कमी जैसे क्षेत्रों पर लगातार ध्यान देने की जरूरत है।
मध्य प्रदेश से जुड़े तीन सदस्यों के शामिल होने से केंद्र और राज्य के बीच बेहतर तालमेल की उम्मीद है। टाइगर स्टेट के सामने चुनौती सिर्फ बाघों की संख्या बढ़ाने की नहीं है, बल्कि बदलते परिदृश्य में उनके दीर्घकालिक अस्तित्व को सुरक्षित रखने की भी है।