राजदेव पांडेय भोपाल
केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय की वर्ष 2025-2026 की रिपोर्ट प्रकाशित हुई है। इसमें बताया गया कि प्रदेश के कई नामी-गिरामी पुरा स्मारकों पर देशी और विदेशी पर्यटकों की संख्या में जबरदस्त कमी आई है। वर्ष 2025-2026 में 20 लाख से अधिक घरेलू पर्यटक पहुंचे। वहीं, विदेशी पर्यटकों की संख्या 59 हजार से अधिक रही है। वर्ष 2024-2025 में घरेलू पर्यटकों की संख्या 2156329 थी। वहीं विदेशी सैलानियों की संख्या 74381 थी। इस तरह तुलनात्मक रूप में 147859 घरेलू और 15176 विदेशी सैलानी घटे हैं।
इस तरह देशी सैलानियों की संख्या में करीब सात प्रतिशत और विदेशी सैलानियों में 20 प्रतिशत से अधिक की कमी आई है। चिंता की बात ये है कि उन स्मारकों पर देशी-विदेशी पर्यटक घट रहे हैं, जिनकी अंतरराष्ट्रीय ख्याति है। इनमें खजुराहो, ग्वालियर और मांडू जैसे प्रतिष्ठित जगहें शामिल हैं।
जबलपुर स्मारक सर्किट में दोनों श्रेणी के पर्यटक घटे
जबलपुर परिक्षेत्र में वर्ष 2025-2026 में 2024-2025 की तुलना में घरेलू पर्यटकों की संख्या 27.6 और विदेशी पर्यटकों में 33 प्रतिशत की कमी आयी है। पिछले वर्ष की तुलना में घरेलू पर्यटकों की संख्या 5.93 लाख से घटकर 4.80 लाख रह गयी है। इस क्षेत्र में विदेशी पर्यटकों की संख्या 38,478 से घटकर 25,642 रह गई।
भोपाल सर्किटः विदेशी पर्यटक घटे, घरेलू में मामूली वृद्धि
भोपाल क्षेत्र के ऐतिहासिक और पुरातात्विक स्मारकों को देखने आने वाले विदेशी पर्यटकों की संख्या में गिरावट आयी है। वर्ष 2024-25 में प्रदेश के सूचीबद्ध स्मारकों में 35,750 विदेशी पर्यटक पहुंचे थे। वर्ष 2025-26 में यह संख्या घटकर 33,398 रह गई। इस तरह इनमें 6.6 प्रतिशत की कमी दर्ज हुई। इसके विपरीत घरेलू पर्यटकों की संख्या 15.62 लाख से बढ़कर 15.78 लाख हो गई। यानी घरेलू पर्यटकों की संख्या में एक प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
प्रमुख स्मारकों पर पर्यटकों की आवाजाही का रुझान
प्रदेश के स्मारकों पर वर्ष 2024-2025 की तुलना में 2025-2026 में पर्यटकों की आवाजाही का रुझान
मांडू मंदिर समूह: घरेलू में 1.5 और विदेशी पर्यटकों में 8.7 प्रतिशत की कमी
रूपमती पवेलियन मांडू: घरेलू में 14.2 प्रतिशत की वृद्धि और विदेशी पर्यटकों में 12.8 प्रतिशत की कमी
ग्वालियर किला: यहां घरेलू पर्यटकों में 4.3 और विदेशी में 18.1 प्रतिशत की कमी आई
सांची बौद्ध स्मारक: घरेलू में एक प्रतिशत की कमी और विदेशी में एक प्रतिशत का इजाफा
होशंगशाह का मकबरा: घरेलू में 13.4 और विदेशी पर्यटकों में 25 प्रतिशत की कमी
उदयगिरि की गुफाएं: घरेलू में 2.5 प्रतिशत की कमी और विदेशी पर्यटकों में 4.2 प्रतिशत का इजाफा
वीरसिंह महल दतिया: घरेलू में एक और विदेशी पर्यटकों में 17.6 प्रतिशत की कमी
बुद्धिस्ट गुफाएं धमनार: यहां घरेलू में 9.3 और विदेशी पर्यटकों में 4.5 प्रतिशत की वृद्धि
बुरहानपुर किला: घरेलू में 6.1 की वृद्धि और विदेशी पर्यटकों में 17.3 प्रतिशत की कमी
बुद्धिस्ट गुफाएं मांडू: वहां घरेलू में 21.6 प्रतिशत का इजाफा और विदेशी सैलानियों में 83.1 फीसदी की कमी
बादल महल-गेट वे चंदेरी: यहां घरेलू में आठ प्रतिशत की वृद्धि और विदेशी सैलानियों में 30.4 प्रतिशत का इजाफा हुआ है।
खजुराहो और अमरकंटक में गिरावट
खजुराहो मंदिरों के समूह: यहां घरेलू पर्यटक में 28.2 और विदेशी पर्यटकों की संख्या में 33.4 प्रतिशत की कमी
अमरकंटक मंदिर समूह: घरेलू पर्यटकों में 26.6 प्रतिशत की कमी और विदेशी पर्यटकों में 7.2 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज
आदमगढ़ में विदेशी पर्यटक सिर्फ एक से दो
प्री हिस्टोरिक रॉक शेल्टर्स आदमगढ़: यहां घरेलू पर्यटकों में 14.6 प्रतिशत की कमी और विदेशी पर्यटक में 100 फीसदी का इजाफा। दरअसल 2024-2025 में यहां केवल एक विदेशी पर्यटक पहुंचा था। जबकि 2025-2026 में दो पर्यटक पहुंचे हैं।