बिजनेस। शेयर बाजार में आज यानी 25 नवंबर के तेजी है। एक दिन छुट्टी के बाद खुले मार्केट ने दमदार शुरुआत की है। सोमवार की गिरावट से उबरते हुए घरेलू बाजार ने 1300 से अधिक अंक चढ़कर 84000 के स्तर पर पहुंच गया है। निफ्टी में भी 450 अंक की तेजी है। इस तेजी से वह 25733.40 के स्तर को पार करता दिखा।
बता दें कि आईटी (IT) और प्राइवेट बैंक शेयरों में सबसे ज्यादा खरीदारी है। इंफोसिस, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक और बजाज फाइनेंस के शेयरों में करीब 3.5% तक की तेजी है।
बाजार में तेजी की तीन बड़ी वजहें
विदेशी निवेशकों की लगातार खरीदारीः विदेशी निवेशक यानी बड़े विदेशी फंड्स (FII) भारतीय बाजार पर जमकर पैसा लगा रहे हैं। जब विदेशी निवेशक बड़ी मात्रा में खरीदारी करते हैं, तो बाजार में पैसा आता है और आम निवेशकों का भरोसा बढ़ता है। इससे पहले सोमवार को विदेशी निवेशक भारतीय बाजार में अब तक रिकॉर्ड 14.28 अरब डॉलर का इनवेस्टमेंट कर चुके हैं।
कच्चा तेल सस्ता हुआ
दुनिया भर में सप्लाई बढ़ने की उम्मीद से बुधवार को कच्चे तेल की कीमतों में 0.7 प्रतिशत की गिरावट आई और यह 90.80 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। नवंबर महीने में ही कच्चा तेल करीब 23 प्रतिशत सस्ता हो चुका है। बता दें कि भारत अपनी जरूरत का ज्यादातर तेल विदेश से खरीदता है, इसलिए तेल सस्ता होने से देश का खर्च और महंगाई कम होने की उम्मीद बढ़ती, जो बाजार के लिए बड़ी राहत है।
बाजार का 'डर' कम हुआ
शेयर बाजार में घबराहट या उतार-चढ़ाव को नापने वाला मीटर यानी इंडिया विक्स 3% से ज्यादा गिरकर 17.10 के स्तर पर आ गया है। इसका सीधा मतलब है कि निवेशकों के मन से डर कम हो रहा है और वे निडर होकर निवेश कर रहे हैं।
सोमवार के दिन क्रैश हुआ था बाजार
हालांकि इससे पहले भी बाजार में चार सप्ताह तक तेजी चल रही थी। लेकिन सोमवार को बाजार में अचानक बड़ी मुनाफावसूली देखने को मिली थी। इसके चलते सेंसेक्स और निफ्टी में बड़ी गिरावट आई थी। दोनो करीब 1.8% गिरे थे। वहीं, मंगलवार को गुरु नानक जयंती पर शेयर बाजार बंद रहा था।
अमेरिकी टैरिफ की चिंता बरकरार
एक तरफ घरेलू बाजार में बुधवार को दमदार शुरुआत नजर आ रही है। वहीं, एशियाई बाजारों में सुबह से ही दबाव देखने को मिल रहा है। इसकी मुख्य वजह अमेरिकी टैरिफ का नया खतरा है।