दुर्ग। छ्त्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दुर्ग में कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। नगरीय निकाय चुनाव की हलचल के बीच वे करीब 6 घंटे जिले में रहे। सर्व आदिवासी समाज के प्रस्तावित प्रदर्शन पर सवाल हुआ तो साय ने कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। उनका कहना था कि विपक्ष को सरकार का काम इसलिए नहीं दिखता, क्योंकि उसने इटालियन चश्मा लगा रखा है।
आदिवासी समाज पर कांग्रेस से सीधा सवाल
सर्व आदिवासी समाज ने 16 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन का ऐलान किया है। इस पर मीडिया ने मुख्यमंत्री की राय पूछी। साय ने कहा कि कांग्रेस ने आदिवासियों को हमेशा वोट बैंक की नजर से देखा। उनके मुताबिक पार्टी लंबे समय तक सत्ता में रही, फिर भी इस समाज के लिए जितना होना चाहिए था, उतना काम नहीं हुआ।
मुख्यमंत्री ने अपना पक्ष रखते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, जनजातीय मंत्रालय और छत्तीसगढ़ के गठन का जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार आदिवासी समाज के सम्मान, अधिकार और विकास के लिए लगातार काम कर रही है।
पंजाब गठबंधन के सवाल पर बीजेपी की ताकत गिनाई
बातचीत में पंजाब का मुद्दा भी उठा। बीजेपी और अकाली दल के संभावित गठबंधन पर पूछे गए सवाल का साय ने सीधा जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी पर देश का भरोसा बढ़ता जा रहा है। साय ने भाजपा को दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बताया और कहा कि आज 22 राज्यों में पार्टी की सरकार है।
तीन निगमों को 436 करोड़ के कामों की सौगात
राजनीतिक बयानों के साथ मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों की झड़ी भी लगाई। रिसाली, भिलाई और भिलाई चरोदा नगर निगम क्षेत्रों में उन्होंने कुल 436 करोड़ रुपये से ज्यादा के कामों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। भिलाई में 154 करोड़ के काम शामिल रहे। साय ने बताया कि बीते तीन साल में भिलाई के विकास पर 886 करोड़ रुपय खर्च किए जा चुके हैं। जुनवानी कोहका मार्ग के लिए 13 करोड़ और जुनवानी कोहका कुरूद मार्ग के लिए 14 करोड़ रुपये देने की घोषणा हुई। शहर को ऑडिटोरियम और इंडो स्टेडियम भी मिलेगा।
रिसाली के लिए 136 करोड़ रुपये की पेयजल योजना का ऐलान किया गया। भिलाई चरोदा में 146 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले कामों की शुरुआत और लोकार्पण हुआ।
दिसंबर चुनाव से पहले सियासी संदेश
नगरीय निकाय चुनाव दिसंबर में प्रस्तावित हैं। ऐसे में इस दौरे को सिर्फ सरकारी कार्यक्रम नहीं, चुनावी संदेश के तौर पर भी देखा जा रहा है। एक तरफ करोड़ों की घोषणाएं थीं। दूसरी तरफ आदिवासी मुद्दे पर कांग्रेस को घेरने की कोशिश की। भाजपा इसी के सहारे विकास और जनकल्याण का एजेंडा जनता के सामने रखना चाहती है। कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद विजय बघेल, वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन और दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर समेत पार्टी के कई जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।