Google ने IIT खड़गपुर को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) रिसर्च को बढ़ावा देने के लिए 5 मिलियन डॉलर यानी करीब 46 करोड़ रुपये की फंडिंग देने की घोषणा की है । यह ऐलान शनिवार, 21 नवंबर को संस्थान की 75वीं वर्षगांठ के समारोह के दौरान किया गया. Google CEO सुंदर पिचाई ने इस साझेदारी को भारत में नई पीढ़ी के वैज्ञानिकों और तकनीकी विशेषज्ञों को तैयार करने की दिशा में अहम बताया है ।IIT खड़गपुर के निदेशक सुमन चक्रवर्ती के मुताबिक अनुप्रयुक्त AI रिसर्च के लिए इस फंडिंग की परिकल्पना संस्थान के पूर्व छात्र और सुंदर पिचाई ने की है।
तीन क्षेत्रों में इस्तेमाल होगी फंडिंग
Google के अनुसार इस राशि का इस्तेमाल तीन प्रमुख क्षेत्रों में किया जाएगा।
-
AI रिसर्च: भारतीय भाषाओं, मटेरियल साइंस, कृषि और एजुकेशनल टेक्नोलॉजी से जुड़ी वास्तविक समस्याओं के समाधान के लिए AI आधारित शोध को बढ़ावा मिलेगा ।
-
शिक्षा और ट्रेनिंग: छात्रों, फैकल्टी और शिक्षकों के लिए AI प्रशिक्षण कार्यक्रम और नए पाठ्यक्रम विकसित किए जाएंगे ।
-
तकनीकी क्षमता: संस्थान के AI फ्रेमवर्क और टूल्स को मजबूत किया जाएगा, ताकि पूरे कैंपस में तकनीकी सुविधाओं का विस्तार हो सके ।
सुंदर पिचाई ने जताई खुशी
सुंदर पिचाई ने कहा कि IIT खड़गपुर भारतीय भाषाओं, कृषि और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण काम कर रहा है, उन्होंने उम्मीद जताई कि यह साझेदारी अगली पीढ़ी के छात्रों के लिए नए अवसर तैयार करेगी । पिचाई ने कहा कि जिस तरह IIT खड़गपुर ने उनके अपने करियर की राह बनाने में मदद की, उसी तरह यह सहयोग आने वाले छात्रों के भविष्य को दिशा देने में योगदान देगा। उन्होंने यह भी कहा कि भारत तेजी से नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है और AI का लाभ देश के हर व्यक्ति तक पहुंचाने के लक्ष्य में ऐसे कार्यक्रम मददगार होंगे।