उत्तराखंड के हरिद्वार में इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के एसपी सीपी नौटियाल पर उनके ही चालक विनोद नेगी ने कार्यालय में गोली चला दी । घटना दोपहर करीब पौने दो बजे की है। गोली उनके माथे के पास से निकल गई, जिससे वह घायल हो गए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज और जांच के लिए AIIMS ऋषिकेश रेफर किया गया है। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है ।
SP के केबिन में हुई फायरिंग
विनोद नेगी दोपहर करीब पौने दो बजे एसपी के केबिन में पहुंचा, बताया जा रहा है कि वह गुस्से में था। कुछ देर बाद केबिन से गोली चलने की आवाज आई । आवाज सुनकर कार्यालय के कर्मचारी वहां पहुंचे तो चालक बाहर निकलता दिखाई दिया। अंदर एसपी नौटियाल कुर्सी पर घायल अवस्था में मिले। उन्हें पहले हरिद्वार के बंगाली अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। डॉक्टरों ने उनकी हालत स्थिर और खतरे से बाहर बताई। इसके बाद उन्हें AIIMS रेफर किया गया।
काम के दबाव और प्रताड़ना की बात की जांच
शुरुआती रिपोर्टों में एसपी और चालक के बीच कहासुनी तथा पहले से चल रहे मनमुटाव की बात सामने आई है । यह भी बताया जा रहा है कि चालक काम के दबाव और कथित प्रताड़ना से परेशान था। हालांकि, गोली चलाने की असली वजह की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है ।विनोद नेगी संविदा पर चालक के रूप में तैनात था। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और घटना में इस्तेमाल हथियार समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है ।यह वारदात ऐसे समय हुई, जब हरिद्वार में VVIP कार्यक्रम के चलते सुरक्षा व्यवस्था कड़ी थी । घटना से पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया।