रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में चिकित्सा क्षेत्र में बड़ी सफलता सामने आई है। बलौदाबाजार जिले के खैंदा-डमरू निवासी 5 साल के हर्षित बंजारे को उसके 10 साल के बड़े भाई ने बोन मैरो डोनेट कर नई जिंदगी दी है। रायपुर के मोवा स्थित श्री बालाजी कैंसर हॉस्पिटल में बच्चे का सफल एलोजेनिक बोन मैरो ट्रांसप्लांट किया गया। डॉक्टरों ने बताया कि राज्य में पहली बार इस प्रक्रिया के दौरान टोटल बॉडी इर्रेडिएशन (TBI) तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। श्री बालाजी ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स के चेयरमैन के साथ डॉ और उनकी पूरी टीम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विस्तार से जानकारी दी।
गांव में बुखार से शुरू हुई परेशानी, फिर बिगड़ी हालत
मासूम के पिता ने बताया कि गांव में ड्राइवरी का काम कर परिवार चलाने वाले बंजारे परिवार पर अचानक संकट आ गया। 5 साल के हर्षित को बुखार आने पर परिजनों ने घर पर ही दवा दी, लेकिन राहत नहीं मिली। गांव में इंजेक्शन लगवाने के बाद बुखार तो उतर गया, लेकिन पूरे शरीर में सूजन आने लगी।
स्थिति बिगड़ने पर जांच में बच्चे के शरीर में हीमोग्लोबिन महज 3 ग्राम रह गया। प्लेटलेट्स और खून चढ़ाने के बावजूद अगले दिन हालत जस की तस बनी रही। इसके बाद बलौदाबाजार के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां खून न बनने और प्लेटलेट्स गिरने की स्पष्ट वजह सामने नहीं आ सकी। आखिरकार परिजन बच्चे को इलाज के लिए रायपुर के मोवा स्थित श्री बालाजी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे।
गंभीर चुनौतियों के बीच हुआ ट्रांसप्लांट
जांच में सामने आया कि मासूम वेरी सीवियर एप्लास्टिक एनीमिया (VSAA) जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित है। ट्रांसप्लांट के समय बच्चे की स्थिति बेहद नाजुक थी, उसे न्यूट्रोपेनिक कोलाइटिस और निमोनिया भी था। संक्रमण से लड़ने वाली श्वेत रक्त कोशिकाओं का स्तर काफी कम था और टीएलसी (TLC) महज 300 प्रति माइक्रोलीटर दर्ज किया गया (सामान्य रेंज 4,000 से 11,000 होती है)। ऐसी जटिल परिस्थितियों में बड़े भाई के बोन मैरो से ट्रांसप्लांट की प्रक्रिया को विशेषज्ञों की निगरानी में आगे बढ़ाया गया।
क्या है TBI तकनीक
चिकित्सकों के मुताबिक, टोटल बॉडी इर्रेडिएशन (TBI) एक विशेष रेडिएशन तकनीक है, जिसमें बोन मैरो ट्रांसप्लांट से पहले मरीज के पूरे शरीर को नियंत्रित मात्रा में रेडिएशन दिया जाता है। इसका उद्देश्य मरीज की प्रतिरक्षा प्रणाली को नियंत्रित करना और डोनर की स्वस्थ स्टेम सेल्स को शरीर में स्थापित होने के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना है।
बाहर के विशेषज्ञों का सहयोग और आर्थिक मदद
इस जटिल केस में RGCI दिल्ली के डॉ. दिनेश भुरानी व डॉ. रोहन और CMC वेल्लोर के डॉ. बिजू जॉर्ज ने मार्गदर्शन और तकनीकी सहयोग दिया। वहीं, डॉ. निकिता और पीडियाट्रिक रेजिडेंट्स ने भी इलाज में अहम भूमिका निभाई। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, निजी अस्पतालों और महानगरों में इस तरह के ट्रांसप्लांट पर 30 से 35 लाख रुपये तक खर्च आ सकता है, लेकिन बच्चे का इलाज आयुष्मान योजना के तहत किया गया। श्री बालाजी ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स के चेयरमैन डॉ. देवेंद्र नायक और मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. नीता नायक ने आर्थिक सहयोग भी उपलब्ध कराया, जिससे आपात स्थिति में बिना देरी के प्रक्रिया शुरू हो सकी।
कंसल्टेंट हेमेटोलॉजिस्ट एवं बोन मैरो ट्रांसप्लांट फिजिशियन डॉ. अंबर गर्ग ने कहा कि यह सफलता विशेषज्ञों के मार्गदर्शन, चिकित्सकीय टीम, नर्सिंग स्टाफ और सामूहिक प्रयासों का नतीजा है।