संसद के आगामी शीतकालीन सत्र से पहले केंद्र सरकार अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी है। इसी कड़ी में आज यानी 25 नवंबर को केंद्रीय कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में संसद के शीतकालीन सत्र की कार्ययोजना और सरकार के विधायी एजेंडे पर चर्चा होने की संभावना है। माना जा रहा है कि बैठक में उन विधेयकों और नीतिगत प्रस्तावों पर मंथन हो सकता है, जिन्हें सरकार आगामी सत्र में संसद के सामने रखना चाहती है।
शीतकालीन सत्र के एजेंडे पर नजर
आज की बैठक का सबसे महत्वपूर्ण पहलू संसद का आगामी सत्र माना जा रहा है। सरकार विभिन्न मंत्रालयों से जुड़े प्रस्तावों और महत्वपूर्ण विधेयकों को लेकर चर्चा कर सकती है। इसके अलावा संसद में पेश किए जाने वाले बिलों की प्राथमिकता और उन्हें आगे बढ़ाने की रणनीति पर भी विचार संभव है।
हालांकि, बैठक में किन विधेयकों को मंजूरी मिलेगी और कौन से बिल संसद में पेश किए जाएंगे, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
पिछले हफ्ते पीएम मोदी ने किया था 3.5 घंटे रिव्यू
आज की बैठक से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 18 नवंबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में मंत्रिपरिषद के साथ करीब साढ़े तीन घंटे तक समीक्षा बैठक की थी। इस दौरान विभिन्न मंत्रालयों के कामकाज और सरकार की प्रमुख योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई थी।
बैठक में आंतरिक सुरक्षा, गरीबी उन्मूलन, वित्तीय समावेशन और देश में बढ़ती नशे की समस्या जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मंथन हुआ। प्रधानमंत्री ने नशे के खिलाफ देशव्यापी अभियान चलाने की जरूरत पर जोर दिया था। उन्होंने कहा था कि इस समस्या से निपटने के लिए सरकार की विभिन्न एजेंसियों और विभागों के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है।
मंत्रालयों से मांगी गई थी रिपोर्ट
शीतकालीन सत्र की तैयारियों के तहत प्रधानमंत्री कार्यालय ने कई मंत्रालयों से महत्वपूर्ण मुद्दों पर रिपोर्ट भी मांगी थी। इनमें आवास एवं शहरी मामलों, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग, नागरिक उड्डयन, रेलवे और बंदरगाह एवं जलमार्ग मंत्रालय शामिल थे।
मंत्रालयों से ऐसे विषयों पर संक्षिप्त नोट तैयार करने को कहा गया था, जिन्हें आगामी संसद सत्र में उठाए जाने की संभावना है। इन रिपोर्टों में योजनाओं के सामान्य विवरण के बजाय बड़े नीतिगत मुद्दों और महत्वपूर्ण चुनौतियों पर ध्यान देने के निर्देश दिए गए थे।
आज की बैठक से मिल सकते हैं अहम संकेत
पिछले सप्ताह हुई समीक्षा बैठक और मंत्रालयों से मांगी गई रिपोर्ट के बाद आज की कैबिनेट बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सरकार के सामने एक ओर अपने विधायी एजेंडे को आगे बढ़ाने की चुनौती है, वहीं दूसरी ओर संसद में विपक्ष के सवालों और विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की तैयारी भी करनी होगी।
बैठक के आधिकारिक फैसलों और प्रस्तावों का इंतजार है। कैबिनेट की चर्चा के बाद यह साफ हो सकेगा कि सरकार आगामी शीतकालीन सत्र में किन मुद्दों और विधेयकों को प्राथमिकता देने जा रही है।