नई दिल्ली। गृह मंत्रालय ने 26 नवंबर को जारी गजट नोटिफिकेशन में UAPA की धारा 42 के तहत राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को धारा 7 और 8 की शक्तियां सौंपी हैं, इसके बाद संबंधित राज्य और केंद्रशासित प्रदेश IRF के मामले में इन प्रावधानों के तहत कार्रवाई कर सकेंगे ।
-
धारा 7: संगठन के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले या इस्तेमाल की आशंका वाले फंड , वित्तीय संपत्तियों और लेनदेन पर रोक लगाने की कार्रवाई की जा सकती है, संदिग्ध वित्तीय गतिविधियों की जांच भी संबंधित प्रावधानों के तहत होगी ।
-
धारा 8: संगठन की गतिविधियों के लिए इस्तेमाल होने वाले घर, इमारत या अन्य परिसरों को अधिसूचित कर उन पर नियंत्रण किया जा सकता है । ऐसे परिसरों में प्रवेश, वहां मौजूद चल संपत्तियों के इस्तेमाल और आवाजाही को भी प्रतिबंधित किया जा सकता है ।
IRF पर तीसरी बार पांच साल का प्रतिबंध
केंद्र सरकार ने 13 नवंबर को IRF को UAPA के तहत गैरकानूनी संगठन घोषित करते हुए प्रतिबंध पांच साल के लिए बढ़ाया था संगठन पर पहली बार 17 नवंबर 2016 को प्रतिबंध लगाया गया था और 2021 में इसे फिर पांच साल के लिए बढ़ाया गया था, इस बार प्रतिबंध 14 नवंबर 2026 को समाप्त होने वाला था।
सरकार ने प्रतिबंध के आधार के रूप में संगठन की गतिविधियों से देश की सुरक्षा, सांप्रदायिक सद्भाव और अखंडता को खतरा होने की आशंका जताई है ।
2016 के ढाका हमले के बाद जांच के घेरे में आए थे नाइक
जुलाई 2016 में बांग्लादेश की राजधानी ढाका में हुए आतंकी हमले के बाद जाकिर नाइक के भाषणों और संगठन की गतिविधियों की जांच शुरू हुई थी । हमले से जुड़े एक आरोपी के नाइक के भाषणों से प्रभावित होने की बात सामने आने के बाद मुंबई पुलिस की स्पेशल ब्रांच ने भी जांच की थी।
जाकिर नाइक 2016 में भारत से बाहर चला गया था और तब से मलेशिया में रह रहा है 2017 में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के अनुरोध पर उसका पासपोर्ट रद्द किया गया था । 3 जनवरी 2018 को दोबारा अनुरोध भेजा गया। भारत ने 19 जनवरी 2018 को मलेशिया से उसकी अस्थायी गिरफ्तारी और प्रत्यर्पण की मांग भी की थी ।