गुजरात एंटी-टेररिस्ट स्क्वाड (ATS) ने वडोदरा से जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़े एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है । आरोपी की पहचान मोहम्मद सहारुल इस्लाम के रूप में हुई है, जो असम का रहने वाला बताया गया है। ATS के मुताबिक आरोपी पर वडोदरा एयरफोर्स स्टेशन को निशाना बनाने की साजिश रचने का आरोप है। उससे पूछताछ जारी है ।
जांच एजेंसी के मुताबिक, आरोपी के मोबाइल फोन से एयरफोर्स स्टेशन से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो के साथ आतंकी संगठन से संबंधित सामग्री मिली है । उसके पास से हथियार और जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। एजेंसी का दावा है कि आरोपी सार्वजनिक स्थानों पर आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की तैयारी में था।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी असम से गुजरात पहुंचा था और वडोदरा में रेलवे स्टेशन के आसपास ठहरा हुआ था, ATS उसकी गतिविधियों को लेकर पिछले कई महीनों से जांच कर रही थी।
पहले भी हुई JeM नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई
गुजरात ATS इससे पहले भी जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े संदिग्ध नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई कर चुकी है, 3 जुलाई को ATS ने गुजरात के बनासकांठा, मेहसाणा, नवसारी और पाटण के साथ मध्य प्रदेश के देवास से संदिग्धों को गिरफ्तार किया था । एजेंसी के मुताबिक ये लोग गुजरात में संगठन का नेटवर्क तैयार करने की कोशिश कर रहे थे। जांच में विदेशी हैंडलर से संपर्क होने का आरोप भी सामने आया था ।
आरोप जांच एजेंसियों के दावों पर आधारित हैं, गिरफ्तार व्यक्तियों के खिलाफ आरोपों का न्यायिक रूप से साबित होना बाकी है।