केंद्र सरकार ने संसद के दोनों सदनों की एक-एक दिन की बैठक बुलाने का फैसला किया है, लोकसभा की बैठक 30 नवंबर 2026 को होगी और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर को बुलाई गई है । केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। इन बैठकों को लेकर महिला आरक्षण कानून लागू करने से जुड़े विधेयक की चर्चा तेज हो गई है।
महिला आरक्षण कानून में क्या बदलाव चाहती है सरकार?
संसद ने सितंबर 2023 में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित किया था, इसके तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीटें आरक्षित करने का प्रावधान है । कानून के मुताबिक आरक्षण अगली जनगणना के आंकड़ों और उसके बाद होने वाले परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने पर लागू होना है।
सरकार 2029 के लोकसभा चुनाव से ही महिला आरक्षण लागू करना चाहती थी इसके लिए अप्रैल 2026 में संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, परिसीमन विधेयक और केंद्र शासित प्रदेश कानून संशोधन विधेयक पेश किए गए थे।
सरकार के प्रस्ताव में लोकसभा की सीटें मौजूदा 543 से बढ़ाकर 816 करने और इसके बाद महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीटें आरक्षित करने की योजना थी। लेकिन लोकसभा में मतदान के दौरान संविधान संशोधन विधेयक को जरूरी समर्थन नहीं मिला।
103 दिन बाद फिर होगी सदनों की बैठक
मानसून सत्र 20 जुलाई 2026 को शुरू हुआ था। लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई थी । हालांकि सत्र का औपचारिक समापन नहीं हुआ था अब करीब 103 दिन बाद दोनों सदनों की बैठक बुलाई गई है।