बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव के बीच अब विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर के सिलहट स्थित आवास के बाहर आग लगाने की घटना सामने आई है, शुक्रवार 20 नवंबर की तड़के करीब 3 से 4 बजे के बीच कुछ अज्ञात लोगों ने उनके घर की ओर जाने वाली गली के मुख्य गेट के पास कपड़े, कागज या पॉलिथीन जैसी सामग्री में आग लगा दी, घटना में किसी के घायल होने या संपत्ति को नुकसान पहुंचने की खबर नहीं है।
पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही
'प्रथम आलो' की रिपोर्ट के मुताबिक घटना सिलहट शहर के दरियापारा इलाके में हुई । सिलहट मेट्रोपॉलिटन पुलिस के डिप्टी कमिश्नर अफजल हुसैन ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की, पुलिस के अनुसार यह पेट्रोल बम हमला नहीं था। बल्कि कपड़े या इसी तरह की सामग्री जलाए जाने का मामला है, आसपास के CCTV फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान की जा रही है।
इस मकान में मंत्री के चाचा और परिवार के अन्य सदस्य रहते हैं, हुमायूं कबीर भी सिलहट आने पर यहीं ठहरते हैं। घटना के समय वह वहां मौजूद नहीं थे। उनका शुक्रवार दोपहर सिलहट पहुंचने का कार्यक्रम था । सिलहट विकास प्राधिकरण के चेयरमैन रेजाउल हसन कोयेस लुधी ने भी सुबह घटनास्थल का दौरा किया ।
अवामी लीग के प्रदर्शनों के बीच बढ़ा तनाव
यह घटना ऐसे समय हुई है जब पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की वापसी और अवामी लीग पर लगे प्रतिबंध को लेकर बांग्लादेश में तनाव बढ़ा हुआ है । 19 नवंबर को अवामी लीग के देशव्यापी लॉकडाउन के आह्वान के दौरान कई इलाकों में हिंसा, आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं हुईं। प्रधानमंत्री तारिक रहमान की सरकार के सामने कानून-व्यवस्था बनाए रखने की चुनौती बढ़ गई है ।हालांकि पुलिस ने हुमायूं कबीर के आवास के बाहर आग लगाने की घटना के पीछे किसी संगठन या व्यक्ति की भूमिका की पुष्टि नहीं की है ।