आंध्र प्रदेश के तिरुमला स्थित भगवान वेंकटेश्वर मंदिर को 121 किलो सोने के आभूषण दान किए गए हैं, चेन्नई के कारोबारी वर्धमान जैन ने 26 नवंबर को ये आभूषण तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (TTD) को सौंपे। इनकी कीमत करीब 160 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इसे मंदिर के इतिहास में किसी एक श्रद्धालु की ओर से दिया गया अब तक का सबसे बड़ा व्यक्तिगत चढ़ावा माना जा रहा है। आभूषण सौंपने के दौरान आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू भी मौजूद रहे।
इस चढ़ावे में कुल 45 विशेष रूप से तैयार किए गए सोने के आभूषण हैं जिन्हें नौ सेट में रखा गया है। इनमें भगवान के लिए मुकुट, शंख-चक्र, कमरबंद, बाजूबंद और चरणों के आभूषण शामिल हैं। इन्हें भगवान वेंकटेश्वर को सिर से पैर तक सजाने के लिए तैयार किया गया है। इन आभूषणों को बनाने में करीब 15 महीने लगे।
कंपनी में हिस्सेदारी बेचने के बाद लिया दान का फैसला
वर्धमान जैन का नाम कारोबार और सामाजिक कार्यों के साथ-साथ धार्मिक संस्थानों को दिए जाने वाले दान के लिए भी चर्चा में रहा है । वह Access Healthcare के संस्थापक रहे हैं और Vara Future LLP के चेयरमैन के रूप में भी काम कर चुके हैं ।
साल 2025 में जैन ने Access Healthcare की 70 प्रतिशत हिस्सेदारी अमेरिका की एक कंपनी को करीब 2 अरब डॉलर के सौदे में बेची थी। इसके बाद उन्होंने भगवान वेंकटेश्वर के लिए बड़े स्तर पर सोने के आभूषण दान करने की योजना बनाई थी। दान को लेकर शुरुआती खबरों में श्रद्धालु की पहचान गोपनीय रखी गई थी, लेकिन बाद में कारोबारी के रूप में उनका नाम सामने आया।
पहले भी कर चुके हैं करोड़ों का दान
वर्धमान जैन इससे पहले भी तिरुमला तिरुपति देवस्थानम के अलग-अलग ट्रस्टों को बड़ी रकम दे चुके हैं । TTD के आधिकारिक रिकॉर्ड के मुताबिक जनवरी 2025 में उन्होंने श्री वेंकटेश्वर भक्ति चैनल (SVBC) के लिए 5 करोड़ रुपये और गो-संरक्षण ट्रस्ट के लिए 1 करोड़ रुपये दिए थे ।
मई 2026 में उन्होंने TTD के लिए इलेक्ट्रिक बसें देने की घोषणा भी की थी। मंदिर से जुड़े धार्मिक और सेवा कार्यों में उनके योगदान के चलते 121 किलो सोने का यह चढ़ावा अब तक के सबसे बड़े व्यक्तिगत दानों में शामिल हो गया है ।