प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संविधान दिवस पर अपने ब्लॉग में कांग्रेस और विपक्ष पर कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा, उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी OBC आरक्षण में कटौती कर मुसलमानों को आरक्षण देना चाहती है। मोदी ने कहा कि संविधान निर्माताओं, खासकर डॉ. भीमराव आंबेडकर, ऐसी व्यवस्था के पूरी तरह खिलाफ थे उन्होंने महिला आरक्षण विधेयक पारित नहीं होने देने को भी संवैधानिक मूल्यों के प्रति विपक्ष के कम सम्मान का उदाहरण बताया। इन आरोपों और टिप्पणियों को प्रधानमंत्री ने अपने ब्लॉग में रखा है।
महिला आरक्षण को लेकर फिर दोहराया संकल्प
प्रधानमंत्री ने संविधान निर्माण में महिलाओं के योगदान को याद करते हुए कहा कि संविधान की यात्रा उन महिलाओं का उल्लेख किए बिना पूरी नहीं हो सकती, जिन्होंने इसे बनाने में अहम भूमिका निभाई । उन्होंने इस साल संसद में महिला प्रतिनिधित्व बढ़ाने से जुड़े विधेयक के पारित नहीं होने पर निराशा जताई।
मोदी ने कहा कि देश की नारीशक्ति को न्याय दिलाने के संकल्प को कोई ताकत रोक नहीं सकती। महिला आरक्षण से जुड़े विधेयक को लेकर अप्रैल में संसद में हुए घटनाक्रम का जिक्र करते हुए उन्होंने विपक्षी दल पर इसे पारित नहीं होने देने का आरोप लगाया।
नक्सलवाद और संविधान के अधिकारों का जिक्र
मोदी ने नक्सलवाद का उल्लेख करते हुए कहा कि दशकों तक देश के कई हिस्सों, खासकर आदिवासी क्षेत्रों में नक्सलियों ने हिंसा के जरिए गरीब लोगों को संविधान से मिले अधिकारों से वंचित रखा । उन्होंने नक्सलवाद के खात्मे को संतोषजनक बताते हुए कहा कि इससे गरीब लोगों को अपने अधिकारों का इस्तेमाल करने का अवसर मिला है, साथ ही उन्होंने वैचारिक विरोधियों के लिए 'दिमागी नक्सल' शब्द का इस्तेमाल भी किया।
पहले और 42वें संविधान संशोधन पर सवाल
प्रधानमंत्री ने 1951 के पहले संविधान संशोधन और आपातकाल के दौरान हुए 42वें संविधान संशोधन पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि पहले संशोधन के जरिए मौलिक स्वतंत्रताओं पर असर पड़ा, जबकि 42वें संशोधन ने न्यायिक समीक्षा की शक्ति सीमित करने और संस्थाओं के बीच संतुलन बदलने का काम किया।
मोदी ने अनुच्छेद 356 के इस्तेमाल का भी उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों ने चुनी हुई राज्य सरकारों को बर्खास्त करने के लिए इसका बार-बार इस्तेमाल किया ।
22 भाषाओं में संविधान और न्याय व्यवस्था में बदलाव
प्रधानमंत्री ने कहा कि संविधान का अपडेटेड संस्करण आठवीं अनुसूची की सभी 22 भाषाओं में उपलब्ध कराया गया है । उन्होंने इसे संविधान को आम नागरिकों तक पहुंचाने की दिशा में कदम बताया।
मोदी ने भारतीय न्याय संहिता का भी उल्लेख किया उनके मुताबिक अंग्रेजों के समय की दंड आधारित व्यवस्था से आगे बढ़कर नई आपराधिक न्याय व्यवस्था में नागरिकों और न्याय को अधिक महत्व दिया गया है।
महिला आरक्षण और परिसीमन पर फिर चर्चा की तैयारी
महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधेयकों पर संसद में अप्रैल में चर्चा हुई थी । प्रस्तावित बदलावों में लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाकर अधिकतम 850 करने का प्रावधान भी शामिल था हालांकि संबंधित संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में आवश्यक दो-तिहाई बहुमत नहीं जुटा सका था।
इससे पहले 15 से 17 अप्रैल के विशेष सत्र में विधेयक पर मतदान हुआ था। लोकसभा में 528 सांसदों ने मतदान किया जिसमें 298 वोट पक्ष में और 230 विरोध में पड़े संविधान संशोधन विधेयक पारित करने के लिए 352 वोटों की जरूरत थी।