प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
26 नवंबर 1949 में आज ही के दिन संविधान सभा ने हमारे संविधान को अंगीकार किया था। आज हम डॉ. राजेंद्र प्रसाद, डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर और संविधान सभा के सभी सदस्यों का स्मरण करते हैं। उनकी महानता इस बात में थी कि उन्होंने आधुनिक संविधान के निर्माण में भारत की समृद्ध परंपराओं और हमारी सभ्यता के अनुभवों को भरपूर स्थान दिया।
भारत जैसे विविधताओं से भरे देश में, जहां अनेक पंथ, भाषाएं, रीति-रिवाज और विचार परंपराएं हैं, यह जरूरी है कि संविधान की गूंज संसद और अदालतों की चारदीवारी से आगे तक पहुंचे। विशेषकर युवाओं के बीच संविधान के प्रति जुड़ाव गहरा हो, ताकि राष्ट्रीय एकता की भावना मजबूत हो। इसी सोच के साथ एक दशक पहले हमारी सरकार ने 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया था। हमारा संविधान करोड़ों भारतीयों की जीवन यात्रा का अभिन्न हिस्सा है। जब मैं अपने बचपन और संघर्षों को याद करता हूं, तो संविधान के प्रति हृदय कृतज्ञता से भर जाता है। एक साधारण परिवार में जन्म लेने वाला बालक, जिसे विरासत में कोई विशेषाधिकार नहीं मिला, एक दिन दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की सेवा का दायित्व संभाल सकता है। यह हमारे संविधान की असाधारण शक्ति का प्रमाण है। इसकी बदौलत किसी व्यक्ति के जन्म की परिस्थितियां उसके भविष्य की सीमाएं तय नहीं करतीं।
सभी देशवासियों को संविधान दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। इस पावन अवसर पर पूज्य बाबासाहेब एवं संविधान सभा की समस्त महान विभूतियों को मेरा नमन और वंदन। संविधान के रूप में उनके द्वारा दी गई सौगात भारतीय लोकतंत्र की अनमोल धरोहर है, जो विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में हमारा मार्गदर्शन करती रहेगी। Greetings on Constitution Day, a day to pay homage to the makers of our Constitution and an occasion to reaffirm our commitment to strengthening the values enshrined in it. बहुधा बहुभिः सार्धं चिन्तिताः सुनिरूपिताः। कथञ्चिन्न विलीयन्ते विद्वद्भिश्चिन्तिता नयाः॥
— Narendra Modi (@narendramodi) November 26, 2026
सामाजिक और आर्थिक न्याय की दिशा में सरकार के प्रयास
प्रख्यात संवैधानिक विशेषज्ञ ग्रैनविले ऑस्टिन ने हमारे संविधान को 'first and foremost a social document' बताया था। सामाजिक और आर्थिक न्याय की भावना संविधान के मूल में समाहित है। संविधान निर्माताओं के इस सपने को साकार करने की दिशा में हमारी सरकार ने अनेक प्रयास किए हैं। विश्व बैंक की एक रिपोर्ट के अनुसार, भारत के करीब 50 करोड़ लोग अत्यंत गरीबी से बाहर निकले हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को पक्के मकान, उज्ज्वला योजना से महिलाओं को धुएं से मुक्ति और आयुष्मान भारत से जरूरतमंदों को बेहतर इलाज की सुविधा मिल रही है। मुद्रा योजना और पीएम स्वनिधि छोटे उद्यमियों तथा रेहड़ी-पटरी वालों को आर्थिक रूप से सशक्त बना रही हैं। वहीं, रूपे कार्ड और यूपीआई जैसी डिजिटल सुविधाओं ने वित्तीय समावेशन को व्यापक बनाया है। ये सभी प्रयास सामाजिक और आर्थिक न्याय के संवैधानिक संकल्प को जमीन पर उतारने के माध्यम हैं।
हमारी सरकार द्वारा किए गए संविधान संशोधनों को भी इसी दृष्टिकोण से देखा जाना चाहिए। 101वें संविधान संशोधन से जीएसटी जैसे बड़े आर्थिक सुधार का रास्ता खुला। 102वें संशोधन से राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा मिला। वहीं, 103वें संविधान संशोधन के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था की गई। इससे उन समुदायों को भी अवसर मिले, जो पहले आरक्षण के दायरे से बाहर थे।
1950 में संविधान लागू होने के बाद पहली बार इसका अद्यतन संस्करण आठवीं अनुसूची की सभी 22 भाषाओं में उपलब्ध कराया गया है। इससे संविधान जनसामान्य के और करीब आया है। इसी तरह भारतीय न्याय संहिता के माध्यम से गुलामी के दौर की दंड-केंद्रित व्यवस्था के स्थान पर नागरिक केंद्रित न्याय व्यवस्था स्थापित करने का प्रयास किया गया है।
बीते एक दशक में हमने नागरिकों के कर्तव्यों पर भी विशेष बल दिया है। हमारी सभ्यता में प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारियों का बोध कराने की परंपरा रही है। स्वच्छ भारत अभियान से लेकर जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण तक अनेक जन आंदोलनों में इसी कर्तव्य भावना के दर्शन होते हैं।
इतिहास के चिंताजनक अध्याय और संविधान की मूल भावना
हमारे इतिहास में ऐसे अवसर भी आए, जब संविधान की रक्षा का दायित्व निभाने वालों ने ही उसे कमजोर किया। 1951 के पहले संविधान संशोधन के 75 वर्ष पूरे हो रहे हैं। उस समय अंतरिम संसद में बहुमत का इस्तेमाल करते हुए नागरिकों की मौलिक स्वतंत्रताओं पर अंकुश लगाने का प्रयास किया गया। इसी प्रकार आपातकाल के दौरान किए गए 42वें संविधान संशोधन ने न्यायिक समीक्षा की शक्ति और संस्थाओं के बीच संतुलन को प्रभावित किया। युवाओं को 38वें और 39वें संशोधनों का भी अध्ययन करना चाहिए, ताकि वे समझ सकें कि सत्ता की लालसा संविधान की मूल भावना को किस हद तक प्रभावित कर सकती है।
चुनी हुई राज्य सरकारों को बर्खास्त करने के लिए अनुच्छेद 356 का बार-बार दुरुपयोग भी हमारे इतिहास का चिंताजनक अध्याय है। इसी तरह संविधान निर्माताओं की अपेक्षा थी कि पूरे देश में संविधान अपनी मूल भावना के साथ लागू हो, लेकिन अनुच्छेद 370 और 35-ए के कारण सात दशक से अधिक समय तक जम्मू कश्मीर में संविधान पूरी तरह लागू नहीं हो पाया। वहां अनुसूचित जातियों, जनजातियों, पिछड़े वर्गों और महिलाओं के अधिकार प्रभावित रहे। वर्ष 2019 में इस व्यवस्था का अंत हुआ।
दशकों तक नक्सलवाद ने देश के गरीब और आदिवासी क्षेत्रों में लोगों को उनके संवैधानिक अधिकारों से वंचित रखा। बंदूक के दम पर अधिकार छीनने वाली इस प्रवृत्ति का अंत गरीब से गरीब व्यक्ति को निर्भय होकर अपने अधिकारों का इस्तेमाल करने का अवसर देगा।
आरक्षण, नारीशक्ति, विपक्ष की भूमिका और विकसित भारत के दो मंत्र
हमारे संविधान निर्माताओं, विशेषकर डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर, ने समानता और सामाजिक न्याय को सर्वोच्च महत्व दिया था। इसलिए आरक्षण और अधिकारों से जुड़े विषयों पर संविधान की मूल भावना के अनुरूप ही निर्णय होने चाहिए। इसी प्रकार नारीशक्ति को विधायी संस्थाओं में पर्याप्त प्रतिनिधित्व देना भी संवैधानिक समानता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। महिलाओं के अधिकारों और भागीदारी को लेकर हमारा संकल्प दृढ़ है।
संवैधानिक लोकतंत्र में विपक्ष की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। सरकार की नीतियों की आलोचना और जवाबदेही तय करना उसका अधिकार ही नहीं, जिम्मेदारी भी है। लेकिन लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में बाधा डालना इस जिम्मेदारी का विकल्प नहीं हो सकता। सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों को संवैधानिक मर्यादाओं का पालन करना चाहिए।
@narendramodi https://t.co/6TCMbKEqE0
— ತರುಣ್.ಬಿ.ಪಿ. 🇮🇳 (@Tarun80334295) November 26, 2026
आज भारत एक महत्वपूर्ण मोड़ पर खड़ा है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के हमारे सामूहिक प्रयासों को दो मंत्र दिशा दे सकते हैं, हमारी सोच में 'राष्ट्र प्रथम' और हर कार्य में 'कर्तव्य भाव'। संविधान से शक्ति लेकर और उसके आदर्शों को जीवन में उतारकर ही हम आने वाली पीढ़ियों का उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित कर सकते हैं। हमारा संविधान केवल शासन चलाने का दस्तावेज नहीं, बल्कि भारत की एकता, समानता, न्याय और उज्ज्वल भविष्य का पथप्रदर्शक है।


(लेखक भारत के प्रधानमंत्री हैं)