Narendra Singh Tomar Article on Constitution Day

संविधान दिवस पर नरेंद्र सिंह तोमर का लेख; कहा- 'विकसित भारत के संकल्प का संवैधानिक आधार'

संविधान दिवस पर मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने विकसित भारत के संकल्प को संविधान से जोड़ा। उन्होंने नागरिकों से मूल कर्तव्यों के पालन की अपील की।

By : स्वदेश डेस्क
संविधान दिवस पर नरेंद्र सिंह तोमर का लेख;  कहा- 'विकसित भारत के संकल्प का संवैधानिक आधार'

MP Assembly Speaker Narendra Singh Tomar

नरेंद्र सिंह तोमर

26 नवंबर भारतीय लोकतंत्र का ऐतिहासिक दिवस है। इसी दिन वर्ष 1949 में संविधान सभा ने भारत के संविधान को अंगीकृत, अधिनियमित और आत्मार्पित किया था। आज जब हम 77वां संविधान दिवस मना रहे हैं तो यह भी याद रखना होगा कि यह केवल एक ऐतिहासिक तिथि का स्मरण मात्र नहीं है, बल्कि यह हमारे लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक संस्थाओं और राष्ट्र निर्माण के प्रति हमारी सामूहिक प्रतिबद्धता को दोहराने का अहम अवसर है। भारत रत्न तथा संविधान सभा के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र प्रसाद की अध्यक्षता वाली संविधान सभा, भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की अध्यक्षता वाली प्रारूप समिति और संविधान सभा के मनीषियों ने हमें एक ऐसा जीवंत दस्तावेज सौंपा है, जो विविधता से भरे इस विशाल राष्ट्र को एकता के सूत्र में पिरोकर निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर कर रहा है। संविधान हमारी लोकतांत्रिक आस्था का केंद्रबिंदु है।

विकसित भारत के संकल्प का संवैधानिक आधार

आज जब देश स्वतंत्रता के अमृत काल से गुजरते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक 'विकसित भारत' के विराट संकल्प को साकार करने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रहा है, तब हमारे संविधान की भूमिका और भी अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है। विकसित भारत का अर्थ केवल आर्थिक समृद्धि, तकनीकी प्रगति या आधुनिक अधोसंरचना का निर्माण ही नहीं है। इसका वास्तविक ध्येय समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति का कल्याण, सामाजिक समरसता, समान अवसर और प्रत्येक नागरिक के गरिमामय जीवन को सुनिश्चित करना है। जैसा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय ने अंत्योदय के अपने विचार सूत्र में हमें बताया है। संविधान की प्रस्तावना में निहित 'न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुत्व' के आदर्श ही इस आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र की सुदृढ़ नींव हैं। जब शासन की नीतियां और नागरिकों का आचरण इन मूल्यों से प्रेरित होता है, तभी समावेशी विकास का स्वप्न साकार होता है।

मध्यप्रदेश और विधानसभा की भूमिका

देश का हृदय स्थल होने के नाते मध्यप्रदेश इस राष्ट्रीय संकल्प में अपनी अग्रणी भूमिका निभा रहा है। लोकतंत्र के मंदिर के रूप में 'मध्यप्रदेश विधानसभा' ने सदैव उच्च संसदीय परंपराओं, स्वस्थ संवाद और जनकल्याणकारी नीतियों के निर्माण का आदर्श प्रस्तुत किया है। विधानसभा अध्यक्ष के रूप में मेरा यह दृढ़ विश्वास है कि सदन में होने वाली सार्थक चर्चा, विधायिका की रचनात्मकता और कार्यपालिका की जवाबदेही ही सुशासन का मार्ग प्रशस्त करती है। संविधान द्वारा प्रदत्त शक्तियों के संतुलन और मर्यादाओं का पालन करते हुए हमारी विधानसभा प्रदेश के सर्वांगीण विकास और 'विकसित मध्यप्रदेश से विकसित भारत' के लक्ष्य को निरंतर गति दे रही है।

अधिकारों के साथ मूल कर्तव्यों का बोध

एक सशक्त, स्वाभिमानी और विकसित राष्ट्र के निर्माण में संवैधानिक संस्थाओं के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी अनिवार्य है। हमारा संविधान जहां एक ओर हमें मौलिक अधिकारों का सुरक्षा कवच प्रदान करता है, वहीं दूसरी ओर भारतीय संविधान के भाग चार-क (अनुच्छेद 51क) में वर्णित 'मूल कर्तव्यों' के माध्यम से राष्ट्र और समाज के प्रति हमारे दायित्वों का बोध भी कराता है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का भी यही विचार था कि अधिकारों का वास्तविक स्रोत कर्तव्य ही हैं और यदि हम सब अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करें, तो अधिकार स्वयं ही सुरक्षित हो जाएंगे।

आज विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए मूल कर्तव्यों का व्यावहारिक जीवन में पालन अत्यंत प्रासंगिक हो गया है। संविधान प्रत्येक नागरिक से अपेक्षा करता है कि वह संविधान का पालन करे और उसके आदर्शों, संस्थाओं, राष्ट्रध्वज और राष्ट्रगान का आदर करे। स्वतंत्रता के लिए हमारे राष्ट्रीय आंदोलन को प्रेरित करने वाले उच्च आदर्शों को हृदय में संजोए रखना और उनका पालन करना हमारी युवा पीढ़ी का परम दायित्व है। भारत की संप्रभुता, एकता और अखंडता की रक्षा करना तथा देश की रक्षा और राष्ट्र सेवा के लिए सदैव तत्पर रहना हर भारतवासी के जीवन का सर्वोच्च ध्येय होना चाहिए।

समरसता, संस्कृति और पर्यावरण की जिम्मेदारी

सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करने के लिए आवश्यक है कि हम धर्म, भाषा, प्रदेश या वर्ग पर आधारित सभी भेदभावों से ऊपर उठकर समरसता और समान भ्रातृत्व की भावना का निर्माण करें, तथा ऐसी प्रथाओं का त्याग करें जो स्त्रियों के सम्मान के विरुद्ध हैं। हमारी सामासिक संस्कृति की गौरवशाली परंपरा का महत्व समझना और उसका परिरक्षण करना भी हमारा मूल कर्तव्य है। मध्यप्रदेश अपनी समृद्ध जनजातीय संस्कृति, ऐतिहासिक धरोहरों और लोक परंपराओं के लिए विख्यात है, जिनका संरक्षण हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।

प्राकृतिक संतुलन और सतत विकास के बिना विकसित भारत की कल्पना अधूरी है। संविधान हमें पर्यावरण की रक्षा और संवर्धन करने तथा प्राणिमात्र के प्रति दयाभाव रखने का संदेश देता है। पर्यावरण का अर्थ केवल वायुमंडल ही नहीं है, बल्कि वन, झील, नदी और सभी वन्य जीव तथा उनके जीवन के लिए आवश्यक उपयुक्त वातावरण ही पर्यावरण का निर्माण करते हैं। स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जल संवर्धन केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक धर्म और संवैधानिक कर्तव्य है। इसके साथ ही वैज्ञानिक दृष्टिकोण, मानववाद, ज्ञानार्जन तथा सुधार की भावना का विकास करना हमें नवाचार के पथ पर अग्रसर करता है।

उत्कृष्टता और शिक्षा का संकल्प

विकसित भारत के निर्माण में व्यक्तिगत और सामूहिक गतिविधियों के सभी क्षेत्रों में उत्कर्ष की ओर बढ़ने का सतत प्रयास अत्यंत महत्वपूर्ण है, ताकि हमारा राष्ट्र निरंतर बढ़ते हुए प्रयत्न और उपलब्धि की नई ऊंचाइयों को छू सके। इसके अतिरिक्त, माता-पिता या संरक्षक द्वारा 6 से 14 वर्ष की आयु के बच्चों को शिक्षा के अवसर प्रदान करने का मूल कर्तव्य एक शिक्षित, सशक्त और आत्मनिर्भर भावी पीढ़ी की आधारशिला रखता है। जब हर नागरिक अपने कार्यक्षेत्र में ईमानदारी, अनुशासन और उत्कृष्टता को अपनाएगा, तभी देश विश्व पटल पर अग्रणी बनेगा।

आइए, इस संविधान दिवस पर हम सभी प्रदेशवासी और देशवासी यह दृढ़ संकल्प लें कि हम संविधान की मूल भावना को अपने दैनिक आचरण में आत्मसात करेंगे। अपने अधिकारों के प्रति सजग रहते हुए अपने मूल कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक और ईमानदारी से निर्वहन करें, ताकि हम सब मिलकर एक समृद्ध सशक्त, समरस और विकसित भारत के निर्माण में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान दे सकें।

(लेखक मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष हैं)

संबंधित सामग्री

CG Civic Election: छत्तीसगढ़ में सत्ता का सेमीफाइनल, 17 निकायों और अहिवारा सीट पर भाजपा-कांग्रेस की जंग

CG Civic Election: छत्तीसगढ़ में सत्ता का सेमीफाइनल, 17 निकायों और अहिवारा सीट पर भाजपा-कांग्रेस की जंग

छत्तीसगढ़ में दिसंबर में 17 निकायों के चुनाव और अहिवारा सीट पर उपचुनाव होना है। इसे साय सरकार के तीन साल का सेमीफाइनल माना जा रहा है। भाजपा और कांग्रेस दोनों की परीक्षा है।

Nov 26, 2026
Ind VS Sri Lanka: सेमीफाइनल में भारत-ए की श्रीलंका-ए से भिड़ंत, तिलक ने टॉस जीतकर चुनी बल्लेबाजी

Ind VS Sri Lanka: सेमीफाइनल में भारत-ए की श्रीलंका-ए से भिड़ंत, तिलक ने टॉस जीतकर चुनी बल्लेबाजी

एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के सेमीफाइनल में भारत-ए ने श्रीलंका-ए के खिलाफ टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी। तनुश कोटियन का डेब्यू, प्लेइंग इलेवन में अभिषेक और वैभव भी।

Nov 26, 2026
Naxalite Dump Recover: छत्तीसगढ़ में नक्सलियों पर बड़ी चोट, 13 लाख के दो ईनामी सरेंडर, डंप से नकदी-हथियार बरामद

Naxalite Dump Recover: छत्तीसगढ़ में नक्सलियों पर बड़ी चोट, 13 लाख के दो ईनामी सरेंडर, डंप से नकदी-हथियार बरामद

छत्तीसगढ़ में 13 लाख के दो इनामी माओवादियों ने बीजापुर में सरेंडर किया। सुकमा में हथियार और बीजापुर में 39.77 लाख रुपये नकद बरामद हुए।

Nov 26, 2026
दंदरौआ धाम में बोले कथा व्यास स्वामी राघवाचार्य; 'जब सभी संस्कारवान होंगे तभी बचेगा सनातन'

दंदरौआ धाम में बोले कथा व्यास स्वामी राघवाचार्य; 'जब सभी संस्कारवान होंगे तभी बचेगा सनातन'

भिण्ड के दंदरौआ धाम में 30वें वार्षिक महोत्सव के दौरान कथा व्यास स्वामी राघवाचार्य ने कहा कि सभी लोग संस्कारवान होंगे तभी सनातन बचेगा। उन्होंने भक्ति और संस्कारों पर जोर दिया।

Nov 26, 2026
OBC आरक्षण में कटौती कर मुसलमानों को आरक्षण देना चाहती है विपक्षी पार्टी, प्रधानमंत्री ने विपक्ष की भूमिका की आलोचना की

OBC आरक्षण में कटौती कर मुसलमानों को आरक्षण देना चाहती है विपक्षी पार्टी, प्रधानमंत्री ने विपक्ष की भूमिका की आलोचना की

संविधान दिवस पर पीएम मोदी ने कांग्रेस पर OBC आरक्षण में कटौती कर मुसलमानों को आरक्षण देने और महिला आरक्षण विधेयक रोकने का आरोप लगाया।

Nov 26, 2026