Dr Bhupendra Karwande on Indian Constitution

Samvidhan Diwas 2026 Special: राष्ट्र का स्वाभिमान हमारा संविधान, 77 वर्ष की गौरवशाली यात्रा

संविधान दिवस पर डॉ. भूपेन्द्र करवंदे ने लिखा कि 77 वर्षों में संविधान ने स्वराज से सुराज की यात्रा की है। उन्होंने आंबेडकर के भाषण और 106 संशोधनों पर भी बात रखी।

By : स्वदेश डेस्क
Samvidhan Diwas 2026 Special: राष्ट्र का स्वाभिमान हमारा संविधान, 77 वर्ष की गौरवशाली यात्रा

Expert article on Constitutions

डॉ. भूपेन्द्र करवंदे

भारतीय संविधान भारत के लोकतंत्र का मूल आधार है। आज भारत का आधुनिक लोकतंत्र 77 वर्ष की गौरवशाली यात्रा को पूर्ण करते हुए प्रगति के पथ पर अग्रसर है। 77 वर्ष की शानदार यात्रा में भारत एक सुदृढ़ लोकतांत्रिक देश के रूप में प्रतिष्ठित हुआ है। दुनिया के बहुत सारे देश भारत को अपना आदर्श के रूप में देखते हैं, एक आम भारतीय भी दुनिया के इस नजरिये से अपने को गौरवान्वित महसूस करता है।

संविधान निर्माताओं की दूरदृष्टि और जन-जन के मन का दस्तावेज

ज्ञातव्य है कि हमारे संविधान निर्माताओं ने संविधान की रचना भारत के जीवन मूल्यों की मान्यता, आधुनिक शासन और भविष्य की आशाओं तथा आकांक्षाओं की पूर्ति को केंद्र में रखकर की थी। इन लक्ष्यों की सिद्धि करने वाले दस्तावेज के रूप में हमारा संविधान 26 नवंबर 1949 को देश को समर्पित किया गया और इस दृष्टि से 26 नवंबर भारतीय इतिहास में एक महत्वपूर्ण तारीख के रूप में दर्ज हो गया। संविधान केवल एक न्यायिक या वैधानिक दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह भारत की जनता की आशाओं और आकांक्षाओं का भी प्रतिनिधित्व करता है। इस अर्थ में यह देश के जन-जन के मन का दस्तावेज है। परिस्थिति बदलाव, सामाजिक परिवर्तन और कई बार राजनीतिक उठापटक के चलते विश्व के विभिन्न राष्ट्रों ने अपना संविधान दोबारा तैयार किया, लेकिन जब भारत के परिप्रेक्ष्य में बात होती है तो पता चलता है कि 26 नवंबर 1949 को अंगीकृत किया गया और 26 जनवरी 1950 को औपचारिक रूप से लागू किया गया यह संविधान आज भी बिल्कुल वैसे ही काम कर रहा है, जैसा हमारे देश के संविधान निर्माता चाहते थे।

क्या संविधान में बदलाव की जरूरत नहीं

तो क्या यह मान लिया जाए कि हमारा संविधान इतना अच्छा है कि उसमें बदलाव की कोई जरूरत नहीं है? क्या हमारे संविधान निर्माता इतने दूरदर्शी थे कि उन्होंने समय के बदलाव और घटनाक्रम का अंदाजा पहले ही लगा लिया था? एक अर्थ में दोनों ही बातें ठीक हैं और इस बात में कोई संदेह नहीं है कि हमें एक मजबूत संविधान विरासत में मिला है। इस संविधान की बनावट हमारे देश की परिस्थितियों के बेहद अनुकूल है। इसके साथ यह भी सही है कि हमारे संविधान निर्माता इतने दूरदर्शी थे कि उन्होंने भविष्य के कई प्रश्नों का समाधान उसी समय कर लिया था। लेकिन कोई भी संविधान सदा सर्वदा के लिए ठीक नहीं हो सकता। ऐसा कोई भी दस्तावेज नहीं होगा जिसमें बदलाव की जरूरत न पड़े। हमारे संविधान में इस बात को स्वीकार किया गया है कि समय की जरूरत के अनुसार संविधान में अनुकूल संशोधन किए जा सकते हैं। हमारे संविधान में व्यावहारिक कामकाज में इस बात की पर्याप्त गुंजाइश होती है कि संविधान के किसी प्रावधान की एक से अधिक व्याख्या हो सकती है। प्रत्येक देश के संविधान का अपना एक दर्शन होता है और संविधान के दर्शन से तात्पर्य उन आदर्शों से है जिनसे संविधान अभिप्रेरित होता है तथा उन नीतियों से है जिन पर संविधान और शासन प्रणाली आधारित होती है। 22 जनवरी 1947 को संविधान सभा ने जिस उद्देश्य प्रस्ताव को स्वीकार किया, उसे पंडित नेहरू ने 13 दिसंबर 1946 को प्रस्तुत किया था। इसी उद्देश्य प्रस्ताव में संवैधानिक सिद्धांतों का शिलान्यास करते हुए संविधान की विचारधारा का निर्माण किया गया।

2 वर्ष 11 माह 18 दिन की तपस्या और डॉ. आंबेडकर का भाषण

भारतीय संविधान की अंतरात्मा न्याय, समता, अधिकार और बंधुत्व की भावना से अभिसिंचित है। सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय हमारे वर्तमान संविधान की नियामक महत्वाकांक्षाओं में से एक है। संविधान के प्रारूप पर केवल प्रारूप समिति के सदस्यों ने नहीं, अपितु संविधान सभा के अन्य सदस्यों ने भी गंभीरतापूर्वक विचार-विमर्श किया तथा संविधान के प्रावधानों की विशद परीक्षा के बाद संविधान को अंतिम रूप प्रदान किया। 2 वर्ष 11 माह और 18 दिन की तपस्या के बाद अपने अंतिम स्वरूप तक पहुंचते-पहुंचते संविधान में 395 अनुच्छेद और आठ अनुसूचियां सम्मिलित हो गईं, जिसे 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा द्वारा अपनाया गया। संविधान का मसौदा तैयार करने वाली समिति ने हिंदी और अंग्रेजी दोनों में ही हस्तलिखित और कैलीग्राफी रूप में इसे तैयार किया तथा इसमें किसी भी तरह की टाइपिंग या प्रिंट का प्रयोग नहीं किया गया। संविधान को अपनाने के ठीक एक दिन पहले 25 नवंबर 1949 को संविधान सभा को अंतिम बार संबोधित करते हुए डॉक्टर आंबेडकर ने कहा था कि यदि हम लोकतंत्र को बनाए रखना चाहते हैं तो मेरे विचार से हमें अपने सामाजिक, आर्थिक उद्देश्य की प्राप्ति के लिए संविधान के सुझाए गए रास्ते पर चलना होगा। इसका तात्पर्य है कि हम क्रांति के खूनी रास्ते को छोड़ दें। इसके मायने यह भी हैं कि हम सत्याग्रह, असहयोग और सिविल नाफरमानी के रास्ते को छोड़ दें। जब सामाजिक, आर्थिक उद्देश्य को पाने के लिए कोई संविधान सम्मत रास्ता न बचा हो तो गैर संवैधानिक तरीके के इस्तेमाल को न्याय संगत ठहराया जा सकता है, परंतु जब संविधान में सभी सम्मत रास्ते खुले हों तो गैर संवैधानिक तरीकों के लिए कोई कारण नहीं दिया जा सकता। ऐसे तरीके अराजकता के अलावा और कुछ भी नहीं और जितनी जल्दी हम यह छोड़ देंगे उतना ही हमारे लिए बेहतर होगा।

106 संशोधन और चुनौतियों का सामना

डॉ. आंबेडकर का लोकतंत्र के पक्ष में दिया गया यह भाषण संविधान लागू होने के 77 वर्षों बाद भी उतना ही प्रासंगिक है। वर्तमान में भारतीय संविधान के समक्ष कई चुनौतियां हैं और निश्चित रूप से जो संविधान जीवंत दस्तावेज के रूप में होता है, उसे चुनौतियों का सामना भी करना होता है और इन्हीं चुनौतियों ने हमें संविधान में 106 संशोधन करने की प्रेरणा भी दी है। यही हमारे संविधान की खूबसूरती है कि यह समय और परिस्थिति के अनुरूप बदल रहा है। हां, हमारा संविधान सभी प्रकार की चुनौतियों का सामना करने में पूरी तरह सक्षम है। यह संविधान सांस्कृतिक मूल्यों, संवेदनाओं व नैतिकता की दृष्टि से दुनिया के गणतंत्रात्मक देशों में सर्वोत्तम है, इसके अनेक उपबंध वक्त की कसौटियों पर खरे उतरे हैं। यह सभी प्रकार की चुनौतियों का सामना करने के लिए देश को शक्ति व कानूनी संरक्षण प्रदान करता है। बीते कई वर्षों में हमारी समस्याओं का समाधान संविधान के प्रावधानों के अनुरूप हुआ है, यही कारण है कि इससे हमारा लोकतंत्र निरंतर मजबूत हुआ है। हमारे संविधान ने अपने मूल रूप में स्थापित रहते हुए आवश्यक बदलावों को सहज अंगीकार किया है। इन 77 वर्षों में स्वराज से सुराज की यात्रा भारत के संविधान ने की है। नागरिक अधिकारों की सुरक्षा की है। सहजता से शासन के बदलाव की परंपरा को कायम किया है तथा न्यायपालिका की स्वतंत्रता को अखंड रखा है।


(लेखक शा. जे. योगानंदम छत्तीसगढ़ महाविद्यालय रायपुर में सहायक प्राध्यापक (विधि) हैं)

संबंधित सामग्री

CG Civic Election: छत्तीसगढ़ में सत्ता का सेमीफाइनल, 17 निकायों और अहिवारा सीट पर भाजपा-कांग्रेस की जंग

CG Civic Election: छत्तीसगढ़ में सत्ता का सेमीफाइनल, 17 निकायों और अहिवारा सीट पर भाजपा-कांग्रेस की जंग

छत्तीसगढ़ में दिसंबर में 17 निकायों के चुनाव और अहिवारा सीट पर उपचुनाव होना है। इसे साय सरकार के तीन साल का सेमीफाइनल माना जा रहा है। भाजपा और कांग्रेस दोनों की परीक्षा है।

Nov 26, 2026
Ind VS Sri Lanka: सेमीफाइनल में भारत-ए की श्रीलंका-ए से भिड़ंत, तिलक ने टॉस जीतकर चुनी बल्लेबाजी

Ind VS Sri Lanka: सेमीफाइनल में भारत-ए की श्रीलंका-ए से भिड़ंत, तिलक ने टॉस जीतकर चुनी बल्लेबाजी

एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के सेमीफाइनल में भारत-ए ने श्रीलंका-ए के खिलाफ टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी। तनुश कोटियन का डेब्यू, प्लेइंग इलेवन में अभिषेक और वैभव भी।

Nov 26, 2026
Naxalite Dump Recover: छत्तीसगढ़ में नक्सलियों पर बड़ी चोट, 13 लाख के दो ईनामी सरेंडर, डंप से नकदी-हथियार बरामद

Naxalite Dump Recover: छत्तीसगढ़ में नक्सलियों पर बड़ी चोट, 13 लाख के दो ईनामी सरेंडर, डंप से नकदी-हथियार बरामद

छत्तीसगढ़ में 13 लाख के दो इनामी माओवादियों ने बीजापुर में सरेंडर किया। सुकमा में हथियार और बीजापुर में 39.77 लाख रुपये नकद बरामद हुए।

Nov 26, 2026
दंदरौआ धाम में बोले कथा व्यास स्वामी राघवाचार्य; 'जब सभी संस्कारवान होंगे तभी बचेगा सनातन'

दंदरौआ धाम में बोले कथा व्यास स्वामी राघवाचार्य; 'जब सभी संस्कारवान होंगे तभी बचेगा सनातन'

भिण्ड के दंदरौआ धाम में 30वें वार्षिक महोत्सव के दौरान कथा व्यास स्वामी राघवाचार्य ने कहा कि सभी लोग संस्कारवान होंगे तभी सनातन बचेगा। उन्होंने भक्ति और संस्कारों पर जोर दिया।

Nov 26, 2026
OBC आरक्षण में कटौती कर मुसलमानों को आरक्षण देना चाहती है विपक्षी पार्टी, प्रधानमंत्री ने विपक्ष की भूमिका की आलोचना की

OBC आरक्षण में कटौती कर मुसलमानों को आरक्षण देना चाहती है विपक्षी पार्टी, प्रधानमंत्री ने विपक्ष की भूमिका की आलोचना की

संविधान दिवस पर पीएम मोदी ने कांग्रेस पर OBC आरक्षण में कटौती कर मुसलमानों को आरक्षण देने और महिला आरक्षण विधेयक रोकने का आरोप लगाया।

Nov 26, 2026