प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला आरक्षण को संसद और विधानसभाओं में लागू करने के लिए सरकार का दृढ़ संकल्प दोहराते हुए शनिवार को कहा कि नारी शक्ति को उनका अधिकार और उचित भागीदारी दिलाने के रास्ते में आने वाली हर बाधा को दूर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण का विरोध करने वाली पार्टियां देश की महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में उनकी भागीदारी बढ़ाने से कभी नहीं रोक पाएंगी, अब केवल समय का इंतजार है।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा किए गए वीडियो संदेश में कहा कि महिलाओं को राजनीतिक भागीदारी दिलाने की लड़ाई कई दशकों से चल रही है और वह स्वयं भी वर्षों से इसके लिए प्रयास करने वालों में शामिल रहे हैं। देश की अनेक महिलाएं उनसे व्यक्तिगत रूप से मिलकर और पत्र लिखकर महिला आरक्षण का मुद्दा उठाती रही हैं।
विरोधी पार्टियां नहीं रोक पाएंगी महिलाओं की भागीदारी
प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं जानता हूं कि देश की 100 प्रतिशत नारी शक्ति का आशीर्वाद हमारे साथ है। मैं देश की हर नारी को विश्वास दिलाता हूँ कि हम महिला आरक्षण के रास्ते में आने वाली हर रुकावट को खत्म करके रहेंगे, हटाकर रहेंगे। हमारा हौसला भी बुलंद है, हमारी हिम्मत भी अटूट है और हमारा इरादा भी अडिग है। प्रधानमंत्री ने कहा कि महिला आरक्षण का विरोध करने वाली पार्टियां देश की नारी शक्ति को संसद और विधानसभाओं में उनकी भागीदारी बढ़ाने से कभी नहीं रोक पाएंगी। उन्होंने कहा कि अब केवल वक्त का इंतजार है।
We had made a promise to our Nari Shakti and we remain committed to fulfilling it... https://t.co/ZT3TK71Psh
— Narendra Modi (@narendramodi) November 28, 2026
परिसीमन बिल पर राष्ट्रपति की सिफारिश
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शनिवार को महत्वपूर्ण घटनाक्रम में लोकसभा से परिसीमन (सेकंड) विधेयक, 2026 पर विचार करने की सिफारिश की है। यह कदम 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक होने वाले संसद के विशेष सत्र से ठीक पहले उठाया गया है। केंद्रीय मंत्रिमंडल से शुक्रवार को मंजूरी मिलने के बाद यह बिल विशेष सत्र के दौरान लोकसभा में पेश किया जाना है। इसके मुताबिक, हर राज्य और केंद्र शासित प्रदेश की लोकसभा सीटों के साथ-साथ विधानसभा सीटों में भी 50 फीसदी की बढ़ोतरी का प्रस्ताव है। इस कड़ी में एक अन्य बिल संविधान (132वां संशोधन) विधेयक भी पेश किया जाना है, जिसमें कहा गया है कि 2051 तक लोकसभा में हर राज्य की हिस्सेदारी पहले जैसी ही बनी रहेगी।
फायदा भाजपा को होगा: राहुल गांधी
एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि 850 की संख्या इसलिए तय की गई है ताकि भाजपा को भारत के चुनावी क्षेत्रों का नक्शा अपनी मर्जी से फिर से बनाने की पूरी छूट मिल सके। 546 सीटों के मुकाबले 850 सीटों के जरिए वे कहीं ज्यादा बड़ी समस्याएं खड़ी कर सकते हैं। इससे भाजपा को एक भी वोट पड़ने से पहले ही बहुत बड़ा फायदा मिल जाएगा। जम्मू-कश्मीर और असम में, कथित तौर पर बड़ी संख्या में मतदाताओं को एक चुनावी क्षेत्र से दूसरे में शिफ्ट किया गया है और चुनावी क्षेत्रों का नक्शा इस तरह बदला गया है जिससे भाजपा को फायदा हो। कुछ चुनावी क्षेत्रों को तो भौगोलिक रूप से एक-दूसरे से अलग-थलग भी कर दिया गया है।
शाह से मिले डीएमके सांसद
केंद्र की मोदी सरकार के लिए परिसीमन विधेयक पारित कराने की राह अब काफी आसान नजर आ रही है। शनिवार शाम डीएमके के सांसद केंद्रीय मंत्री अमित शाह के घर पहुंचे। शरद पवार की एनसीपी और आंध्रप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जगनमोहन रेड्डी की वाईएसआरसीपी के बाद शनिवार को एमके स्टालिन की पार्टी डीएमके ने समर्थन देने की घोषणा कर दी। तीनों के 34 सांसद हैं। वहीं बीआरएस ने भी समर्थन का ऐलान किया, जिसकी राज्यसभा में तीन सीटें हैं। इस बीच बताया गया है कि लोकसभा में सुप्रिया सुले की बैठक व्यवस्था बदली गई है। अब वे कनिमोझी और दयानिधि मारन के साथ बैठेंगी।