सागर। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मेनपानी में बनाए गए आवासों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। कॉलोनी के रहवासियों का कहना है कि निर्माण के महज तीन साल में ही कई मकानों की स्थिति खराब हो गई है। करीब 80 प्रतिशत मकानों में सीलन, दरार, प्लास्टर उखड़ने और टाइल्स टूटने जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं। वहीं कॉलोनी के 70 प्रतिशत से अधिक मकान खाली पड़े हैं। रहवासियों के अनुसार कई मकानों की दीवारों में दरारें आ गई हैं और प्लास्टर गिर रहा है। बाथरूम की दीवारों और टाइल्स की स्थिति भी खराब है। कुछ मकानों में पानी का रिसाव होने के कारण समस्या लगातार बढ़ रही है। आधे से ज्यादा मकानों में आवंटियों के बजाय किरायेदार रहने की बात भी सामने आई है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं हुई तो समस्या और गंभीर हो सकती है।
निगरानी के लिए समिति बनाने की तैयारी
कॉलोनी के कुछ मकानों की टाइल्स और दूसरी समस्याओं को लेकर शिकायतें सामने आने के बाद नगर निगम स्तर पर काम किया जा रहा है। निगम के पास पर्याप्त संसाधन नहीं होने के कारण कॉलोनी की निगरानी के लिए समिति बनाने की बात कही गई है। रहवासियों के अनुसार आधे से ज्यादा मकानों में आवंटियों के बजाय किरायेदार रहने की स्थिति भी सामने आई है।
रहवासियों ने बताया हाल
आवास नंबर 104 में रहने वाली कुसुम अहिरवार ने बताया कि उनके बाथरूम का प्लास्टर पूरी तरह उखड़ चुका है और दीवारों में सीलन आ रही है। उन्होंने बताया कि तीन साल पहले दो लाख रुपए का अंशदान देकर फ्लैट खरीदा था। उस समय उम्मीद नहीं थी कि इतनी जल्दी मकान की हालत खराब हो जाएगी। रहवासी शुभा मुखर्जी ने बताया कि उन्होंने भी करीब तीन साल पहले फ्लैट लिया था। किचन से लेकर बाथरूम तक सीलन की समस्या है। बाथरूम की टाइल्स उखड़कर गिरने लगी हैं, जिन्हें चिपकाकर रखा गया है। दरवाजा भी टूट चुका है और ठीक से बंद नहीं होता।
वहीं मोनू जाटव ने बताया कि उनके मकान में बाथरूम की आधी दीवार ही गिरकर अलग हो गई है। दीवार में इतना बड़ा छेद हो गया है कि आर-पार देखा जा सकता है। पानी टपकता रहता है। उनका कहना है कि ऊपरी मंजिल पर मकान होने के कारण नीचे से नई दीवार बनाना भी मुश्किल है। बाथरूम इस्तेमाल करते समय दीवार का बचा हुआ हिस्सा गिरने का डर बना रहता है।
कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा
लोगों ने बताया कि कॉलोनी के कुछ मकानों की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि वे कभी भी गिर सकते हैं। दीवारों में बड़ी-बड़ी दरारें हैं, प्लास्टर उखड़ रहा है और कई जगह पानी का रिसाव लगातार जारी है। रहवासियों का कहना है कि मकान मिलने के बाद से वे अपनी जेब से लगातार मरम्मत करा रहे हैं, लेकिन अब स्थिति ऐसी हो गई है कि छोटी-मोटी मरम्मत से काम नहीं चल रहा। सवाल यह है कि आखिर कब तक रहवासी अपने पैसों से इन मकानों को ठीक कराते रहेंगे? यदि प्रशासन ने समय रहते ध्यान नहीं दिया तो किसी बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।