रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भारत की सांस्कृतिक और भाषाई विविधता से प्रभावित हैं, उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हुई बातचीत का एक किस्सा सुनाते हुए बताया कि भारत में करीब 60 करोड़ लोग हिंदी बोलते हैं जबकि देश की कुल आबादी लगभग डेढ़ अरब है । पुतिन ने कहा कि बाकी लोग अपनी-अपनी भाषाओं का इस्तेमाल करते हैं। भारत की यह विविधता उन्हें बेहद खास लगती है पुतिन का यह बयान सर्बियाई फिल्म निर्देशक एमिर कुस्टुरिका को दिए गए एक हालिया इंटरव्यू में सामने आया है, इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पुतिन ने कहा ''मैंने हाल ही में प्रधानमंत्री मोदी से पूछा कि भारत में कितने लोग मुख्य भाषा बोलते हैं? उन्होंने बताया कि करीब 60 करोड़। फिर मैंने पूछा कि देश की कुल आबादी कितनी है? उन्होंने कहा डेढ़ अरब।'' इसके बाद उन्होंने पूछा कि बाकी दो-तिहाई लोग क्या करते हैं? इस पर मोदी ने बताया कि वे अपनी-अपनी भाषाएं बोलते हैं । यह जानकर पुतिन ने कहा, ''क्या यह अद्भुत नहीं है? यह शानदार है''VIDEO | Moscow: Russian President Vladimir Putin praises Indian civilisation and its linguistic diversity; recalls conversation with PM Modi. (Source: Third Party) (Full video available on PTI Videos - https://t.co/d8jp61yd2p) https://t.co/WG9ApCRpqp
— Press Trust of India (@PTI_News) November 22, 2026
भारत की विविधता को बताया खास
पुतिन ने भारत की सभ्यता को दुनिया की सबसे पुरानी सभ्यताओं में से एक बताते हुए कहा कि इसके बारे में जितना अधिक जानते हैं, उतनी ही उनकी दिलचस्पी बढ़ती जाती है ।उन्होंने अक्टूबर 2026 में वलदाई डिस्कशन क्लब की बैठक में भी भारत की विविधता की तारीफ की थी। उस दौरान उन्होंने भारत को बड़े पैमाने और विविधता वाला देश बताते हुए कहा था कि यहां अलग-अलग भाषाएं और संस्कृतियां होने के बावजूद लोग साथ रहते हैं।
भारत में कितनी भाषाओं को मान्यता?
भारत के संविधान की आठवीं अनुसूची में 22 भाषाओं को मान्यता दी गई है । इनमें हिंदी, बंगाली, तमिल, तेलुगु, मराठी, गुजराती, पंजाबी, कन्नड़, मलयालम, उर्दू और असमिया समेत अन्य भाषाएं शामिल हैं संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार, केंद्र की राजभाषा देवनागरी लिपि में हिंदी है। राजभाषा अधिनियम के तहत सरकारी कामकाज में अंग्रेजी का इस्तेमाल भी जारी है, देश की अलग-अलग राज्य सरकारें भी अपने यहां की भाषाओं को सरकारी कामकाज के लिए अपना सकती हैं।