उत्तर-पूर्वी दिल्ली से कन्हैया कुमार ने भरा नामांकन, भाजपा से मनोज तिवारी होंगे सामने

कांग्रेस इस बार दिल्ली की तीन सीटों पर जबकि ‘आप’ राजधानी की चार सीटों पर चुनाव लड़ रही है।

Update: 2024-05-06 08:16 GMT

नईदिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली सीट से कांग्रेस उम्मीदवार कन्हैया कुमार ने आज (सोमवार) नामांकन दाखिल किया। इस दौरान आम आदमी पार्टी के नेता भी उनके साथ रहे। दिल्ली की सभी सात सीटों पर छठे चरण में 25 मई को मतदान होगा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दो बार के सांसद मनोज तिवारी से कन्हैया कुमार का सामना होगा।

जेएनयू छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार पहली बार इस सीट से चुनाव मैदान में हैं। इसके पहले वे 2019 में उन्होंने पहली बार बेगुसराय सीट से संसदीय चुनाव लड़ा था लेकिन उन्हें करारी हार का सामना करना पड़ा था।उत्तर-पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट के अंतर्गत 10 विधानसभा बुराड़ी, तिमारपुर, सीमापुरी, रोहतास नगर, सीलमपुर, घोंडा, बाबरपुर, गोकलपुर, मुस्तफाबाद और करावल नगर सीट शामिल हैं। इन 10 विधानसभा सीटों में रोहतास नगर, घोंडा और करावल नगर में भाजपा के विधायक हैं जबकि शेष सात विधायक आम आदमी पार्टी (आप) से हैं।

कांग्रेस-आप गठबंधन - 

कांग्रेस इस बार दिल्ली की तीन सीटों पर जबकि ‘आप’ राजधानी की चार सीटों पर चुनाव लड़ रही है।कांग्रेस ने उत्तर-पूर्वी दिल्ली से कन्हैया कुमार, उत्तर पश्चिम दिल्ली से उदित राज और चांदनी चौक से जेपी अग्रवाल को टिकट दिया है। वहीं आप ने नई दिल्ली से सोमनाथ भारती, दक्षिणी दिल्ली से सहीराम पहलवान, पश्चिमी दिल्ली से महाबल मिश्रा और पूर्वी दिल्ली से कुलदीप कुमार को उम्मीदवार बनाया है।

भाजपा उम्मीदवार - 

वहीं भाजपा ने चांदनी चौक से प्रवीण खंडेलवाल, नई दिल्ली से बांसुरी स्वराज, उत्तर पूर्वी दिल्ली से मनोज तिवारी, दक्षिणी दिल्ली से रामवीर सिंह बिधूड़ी, पश्चिमी दिल्ली से कमलजीत सहरावत, पूर्वी दिल्ली से हर्ष मल्होत्रा, उत्तर पश्चिमी दिल्ली से योगेंद्र चांदोलिया को प्रत्याशी बनाया है। पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा ने दिल्ली की सभी 7 सीटों पर जीत हासिल की थी।

Tags:    

Similar News