नमो भारत ने पार किया 2 करोड़ यात्रियों का रिकॉर्ड, दिल्ली-एनसीआर में बढ़ी रफ्तार
नमो भारत ने संचालन के 2 साल के भीतर 2 करोड़ यात्रियों की यात्रा का माइलस्टोन हासिल कर लिया है। इस तेज रफ्तार ट्रेवलिंग सिस्टम ने यात्रियों की सुविधा बढ़ा दी है।
नई दिल्लीः यात्रियों को तेज रफ्तार से सफर कराने वाली नमो भारत ने अपनी सेवा शुरू होने के दो वर्षों के भीतर ही बड़ा मुकाम हासिल कर दिया है। दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ कॉरिडोर पर चलने वाली नमो भारत ने 2 साल में दो करोड़ यात्रियों का आंकड़ा पार कर लिया है।0 इससे दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ कॉरिडोर पर क्षेत्रीय परिवहन के एक पसंदीदा साधन के रूप में उसकी पहचान और पुख्ता हुई है।
प्रधानमंत्री ने साहिबाबाद और दुहाई डिपो के बीच 17 किलोमीटर के खंड का उद्घाटन करने के बाद 21 अक्टूबर, 2023 को नमो भारत का परिचालन शुरू हुआ। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) के अनुसार, अपने पहले पूर्ण माह में, नवंबर 2023 में नमो भारत ने 72,000 से अधिक यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया था।
हर साल बढ़ी यात्रियों की संख्या
मार्च 2024 में मोदीनगर नॉर्थ और अगस्त 2024 में मेरठ साउथ तक चरणबद्ध विस्तार के बाद यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ी। एनसीआरटीसी ने बताया कि दिसंबर 2024 तक 42 किलोमीटर और नौ स्टेशन चालू होने के साथ मासिक यात्री संख्या करीब सात लाख पर पहुंच गयी, जो एक वर्ष पहले दर्ज आंकड़ों की तुलना में लगभग दस गुना अधिक है।
जनवरी 2025 में यात्रियों की संख्या में प्रमुख बढ़ोतरी उस समय आई, जब प्रधानमंत्री ने न्यू अशोक नगर से साहिबाबाद तक 13 किलोमीटर लंबे दिल्ली सेक्शन का उद्घाटन किया। इसमें आनंद विहार सहित दिल्ली में दो स्टेशन शुरू किए गए।
60000 यात्री रोज कर रहे सफर
एनसीआरटीसी ने बताया कि जुलाई 2025 तक मासिक यात्री संख्या लगभग 15 लाख के करीब पहुंच गई और नमो भारत सेवा ने एक दिन में 81,550 से अधिक यात्रियों के साथ अपना उच्चतम रिकॉर्ड दर्ज किया। दैनिक औसत अब 55,000–60,000 यात्रियों के बीच है।
क्या बोले यात्री
यात्रियों के अनुसार, कम यात्रा समय, आरामदायक सफर, समयबद्ध संचालन और भीड़ में भी बेहतर सेवा ये सभी नमो भारत की लोकप्रियता की प्रमुख वजहें हैं। बढ़ती मांग को देखते हुए ट्रेनों की फ्रीक्वेंसी 15 मिनट से घटाकर 10 मिनट कर दी गई है और भविष्य में इसे 3 मिनट तक लाने की तैयारी है।