'हमारी एक इंच जमीन भी...', राहुल गांधी के गलवान बयान पर BJP ने जारी किया नरवणे का पुराना VIDEO
डोकलाम पर राहुल गांधी के बयान के बाद बीजेपी ने पूर्व आर्मी चीफ नरवणे का पुराना वीडियो शेयर कर जवाब दिया।
नई दिल्लीः राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान सोमवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के एक बयान पर हंगामा मच गया। इसके चलते सदन की कार्यवाही अगले दिन के लिए स्थगित कर दी गई। दरअसल, राहुल के डोकलाम मुद्दे को लेकर जोरदार हंगामा देखने को मिला। विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने इस बहस के दौरान पूर्व सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे की अप्रकाशित किताब और एक मैगजीन लेख का हवाला देते हुए सरकार पर राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े गंभीर सवाल खड़े किए।
राहुल गांधी ने डोकलाम विवाद का जिक्र करते हुए सरकार पर हमला किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने संसद और देश को पूरी सच्चाई नहीं बताई। उनके इस बयान के बाद सदन में हंगामा तेज हो गया और सत्ता पक्ष ने तीखी प्रतिक्रिया दी।
बीजेपी ने पूर्व आर्मी चीफ का वीडियो किया शेयर
राहुल गांधी के आरोपों के जवाब में बीजेपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पूर्व आर्मी चीफ मनोज मुकुंद नरवणे का एक पुराना वीडियो शेयर किया। यह वीडियो डोकलाम विवाद के समय का बताया जा रहा है, जिसमें जनरल नरवणे साफ तौर पर कहते नजर आ रहे हैं कि भारत ने अपनी एक इंच जमीन भी नहीं गंवाई है। इसके बाद भाजपा ने राहुल गांधी पर देश को गुमराह करने का आरोप लगाया है।
वीडियो में पूर्व सेना प्रमुख लाइन ऑफ एक्चुअल कंट्रोल (LAC) की स्थिति को स्पष्ट करते हुए कहते हैं कि हालात वही हैं, जैसे विवाद शुरू होने से पहले थे। उन्होंने यह भी कहा था कि भारत को किसी भी तरह का क्षेत्रीय नुकसान नहीं हुआ है और देश की सीमाएं पूरी तरह सुरक्षित हैं। जनरल नरवणे ने उस वक्त बताया था कि भारत और चीन के बीच जो समझौता हुआ, वह आपसी सहमति और समान सुरक्षा के सिद्धांत पर आधारित है। डिसएंगेजमेंट की प्रक्रिया को इसी व्यापक दृष्टिकोण से देखा जाना चाहिए, ताकि सीमा पर शांति और स्थिरता बनी रहे।
क्या बोले थे राहुल गांधी
दरअसल, लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान चर्चा हो रही थी। इसी समय विपक्ष के नेता के तौर पर बोलने के लिए राहुल गांधी खड़े हुए। तब उन्होंने कहा कि भारत-चीन की सीमा पर जो हुआ है वो सेना का हर जवान जानता है। लेकिन मोदी सरकार ये सच्चाई जनता से छुपाना चाहती है। इसी दौरान उन्होंने पूर्व आर्मी चीफ एमएम नरवणे की किताब 'FOUR STAR OF DESTINY' का भी जिक्र किया।
गृहमंत्री और रक्षामंत्री ने जताई आपत्ति
राहुल गांधी के बुक का जिक्र किए जाने के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अप्रकाशित किताब या अप्रमाणित सामग्री का हवाला संसद में नहीं दिया जा सकता है। वहीं, मामले में गृहमंत्री अमित शाह ने भी हस्तक्षेप करते हुए कहा कि राहुल किसी मैगजीन की रिपोर्ट के आधार पर गलत तथ्य पेश कर रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने सदन में अनुरोध किया कि राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे विषयों पर सरकार और रक्षा मंत्री पर भरोसा किया जाना चाहिए। अप्रमाणित रिपोर्ट पर नहीं।