SwadeshSwadesh

कांग्रेस विधायक का दावा, चीनी सेना ने 5 भारतीयों को किया अगवा

Update: 2020-09-05 05:07 GMT

ईटानगर। भारत और चीन के बीच सीमा विवाद को लेकर पिछले काफी समय से तनाव जारी है। इस बीच अरुणाचल प्रदेश से चीनी सैनिकों द्वारा पांच भारतीयों के कथिततौर पर अगवा किए जाने की खबर है। अरुणाचल प्रदेश के कांग्रेस विधायक निनॉन्ग एरिंग ने दावा किया है कि चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी ने अरुणाचल प्रदेश के सीमावर्ती इलाके से पांच भारतीयों को कथित रूप से अगवा कर लिया है। बता दें कि पूर्वी लद्दाख क्षेत्र में चीनी सेना और भारतीय सेना के बीच तकरार जारी है।

अरुणाचल प्रदेश से कांग्रेस विधायक निनॉन्ग एरिंग पीएमओ को टैग कर अपने ट्वीट में दावा किया कि अरुणाचल प्रदेश के सुबनसिरी जिले के पांच लोगों का कथित तौर पर चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के जरिए अगवा कर लिया गया है। उन्होंने यह भी लिखा कि कुछ महीने पहले भी इस तरह की घटना हुई थी।

अपहृत लोगों में से एक के रिश्तेदार ने यह जानकारी दी। जिन लोगों का अपहरण किया गया है, उनकी पहचान टोच सिंगकम, प्रसात रिंगलिंग, डोंगटू एबिया, तनु बाकेर और गारू डिरी के रूप में हुई है। बताया गया कि इन पांच लोगों के साथ दो और ग्रामीण मौके पर मौजूद थे लेकिन अपहरण से पहले वे भागने में कामयाब रहे। उन्होंने इस घटना का जिक्र लोगों के सामने किया। हालांकि, पीड़ित लोगों के परिजन ने भारतीय सेना को इसके बारे में सूचना नहीं दी है। घटना के बाद से नाचो गांव में तनाव का माहौल है।



जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह पीड़ित लोगों के परिजन सेना और अन्य अधिकारियों से मिलने के लिए नाचो गांव से रवाना हो गए। उन्होंने अधिकारियों से इस मामले को गंभीरता से लेने की अपील की है और सभी अगवा लोगों की देश वापसी की गुहार लगाई है। हालांकि, सैन्य अधिकारियों और जिलाधिकारी की ओर से इस मामले पर कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।

Tags:    

Similar News