45 साल में पहली बार भाजपा का कब्जा
महाराष्ट्र में बीएमसी सहित 29 नगर महापालिकाओं के लिए हुए चुनावों में भाजपा गठबंधन ने विपक्ष का पूरी तरह सफाया कर दिया है। खबर लिखे जाने तक 29 में से 23 नगर निगमों में भाजपा महायुति को बढ़त हासिल है। मुंबई, पुणे, नागपुर और नासिक में गठबंधन ने बड़ी बढ़त बनाई है।
भाजपा ने मुंबई पर पूरी तरह अपना कब्जा जमा लिया है और 45 साल में पहली बार बीएमसी में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। प्रदेश के सभी नगर निगमों में सबसे अहम बीएमसी मानी जाती है। बीएमसी की 227 सीटों में से भाजपा महायुति को 116 सीटें मिलती दिख रही हैं। इनमें भाजपा को 88 सीटों पर बढ़त मिली है, जबकि एकनाथ शिंदे की शिवसेना 28 सीटों पर आगे है। इस तरह मुंबई पूरी तरह भगवामय होती नजर आ रही है।
बीएमसी चुनाव में भाजपा ने जीत का परचम लहरा दिया है। भाजपा पहली बार मुंबई में अपना मेयर बनाने की स्थिति में पहुंच गई है। बीएमसी के इतिहास में अब तक भाजपा का कोई नेता मेयर नहीं बन सका था।
23 नगर निगमों में भाजपा महायुति की बड़ी जीत
महाराष्ट्र में नगर निगम चुनावों के नतीजों ने राज्य की सियासत की तस्वीर काफी हद तक साफ कर दी है। 29 नगर निगमों में आए रुझानों के मुताबिक 23 निगमों में भाजपा और उसके सहयोगी दलों को बढ़त मिलती दिख रही है। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में 227 सीटों वाली बीएमसी में भाजपा गठबंधन बहुमत के आंकड़े के करीब पहुंच गया है।
वहीं मालेगांव जैसे अहम नगर निगम में एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी किंगमेकर की भूमिका में नजर आ रही है, जिससे स्थानीय राजनीति में नई हलचल पैदा हो गई है।
आंकड़े (रुझानों के अनुसार)
भाजपा+ : 116 सीट
शिवसेना (यूबीटी) : 66 सीट
कांग्रेस : 24 सीट
एमएनएस : 06 सीट
एनसीपी : 03 सीट
एनसीपी (एसपी) : 01 सीट
अन्य : 10 सीट
कुल : 227 सीट
भाजपा को 88 सीटों पर और शिंदे की शिवसेना को 28 सीटों पर बढ़त या जीत मिल चुकी है। इस तरह महायुति को कुल 116 सीटें मिलती दिख रही हैं। वहीं उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) 66 सीटों पर आगे है। कांग्रेस को 24 सीटें मिली हैं, जबकि मनसे के 6 उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है।
भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनी
करीब 45 साल बाद पहली बार मुंबई के बीएमसी चुनाव में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। भाजपा पहली बार मुंबई में अपना मेयर बनाने की स्थिति में पहुंच गई है। पिछली बार 2017 के बीएमसी चुनाव में भाजपा को 82 सीटें मिली थीं, जबकि शिवसेना को 84 सीटें हासिल हुई थीं।
बीएमसी में भाजपा गठबंधन को बहुमत
मुंबई में भाजपा किसे मेयर बनाएगी, इस पर चर्चा तेज हो गई है। बीएमसी की आखिरी मेयर शिवसेना की किशोरी पेडनेकर थीं। शिंदे की शिवसेना ने भाजपा के साथ मिलकर बीएमसी चुनाव लड़ा था, जबकि उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे ने साथ मिलकर किस्मत आजमाई। भाजपा पहले ही साफ कर चुकी है कि उसका मेयर मराठी समुदाय से होगा।
जनता को ट्रैक रिकॉर्ड पसंद आया : मोदी
एनडीए की जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र की जनता को भारी समर्थन के लिए धन्यवाद दिया है। मुंबई में भाजपा कार्यालय में जश्न के दौरान पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि राज्य के मेहनती लोगों ने जनहितकारी और सुशासन के एनडीए एजेंडे को आशीर्वाद दिया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारा ट्रैक रिकॉर्ड और विकास के लिए हमारा विजन जनता को पसंद आया है।
महाराष्ट्र में कांग्रेस का सूपड़ा साफ : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस ने झूठ बोलकर हिमाचल और कर्नाटक में सरकार बनाई। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले कहा गया कि पैसे नहीं हैं, फिर भी वादे किए गए। महाराष्ट्र में कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया है। उन्हें शर्म आनी चाहिए।
विकास के विजन से जीते : फडणवीस
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत से भाजपा ने एक बार फिर शानदार जीत हासिल की है। यह जीत भाजपा के विकास के विजन में जनता के भरोसे को दर्शाती है।
जनता ने विकास का ब्रांड चुना : शिंदे
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि राज्य की जनता ने विकास की राजनीति को चुना है। जनता ने भाजपा और शिवसेना पर भरोसा जताया है। हम विकास के मुद्दों पर आगे बढ़ते रहेंगे।