रायगढ़ में मछली पालन विभाग के रिकॉर्ड रूम में भीषण आग

रायगढ़ में मछली पालन विभाग के रिकॉर्ड रूम में आग लगने से हड़कंप मच गया। जरूरी दस्तावेज जले, दमकल ने 3 घंटे में आग पर काबू पाया। नुकसान का आकलन जारी।

Update: 2026-02-08 17:14 GMT

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सहायक संचालक मछली पालन विभाग के कार्यालय में रविवार शाम अचानक आग लग गई। आग रिकॉर्ड रूम में लगी, जहां रखे जरूरी दस्तावेज और पुराना सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया।

धुआं उठते देख मची अफरा-तफरी

केलो विहार रोड स्थित कार्यालय के रिकॉर्ड रूम से अचानक धुआं उठता देख आसपास के लोगों ने आग लगने की आशंका जताई। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना विभागीय अधिकारियों और पुलिस को दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और लपटें दूर से नजर आने लगीं।

तीन घंटे की मशक्कत के बाद काबू में आई आग

सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और दमकल विभाग को बुलाया गया। दमकल की गाड़ियां पहुंचने तक आग काफी फैल चुकी थी। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया और करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।

जरूरी दस्तावेज और सामान जला

आग की चपेट में आने से रिकॉर्ड रूम में रखे कई अहम दस्तावेज जल गए। इसके अलावा पुराने एसी, कूलर और अन्य कार्यालयी सामान भी पूरी तरह खाक हो गया। घटना के बाद विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन कर रहे हैं।

आग लगने के कारणों की जांच जारी

जिला सेनानी अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलते ही दो फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर भेजी गई थीं। उन्होंने कहा कि रविवार होने के कारण कार्यालय बंद था। आग किन कारणों से लगी, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है और तकनीकी जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।

पुलिस ने दी स्थिति की जानकारी

पुलिस अधिकारियो ने बताया कि मछली पालन विभाग में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग को पूरी तरह बुझा दिया गया है। नुकसान का आकलन संबंधित विभाग द्वारा किया जा रहा है।

Tags:    

Similar News