बिजनेस। शेयर बाजार में आज यानी हफ्ते के आखिरी दिन बड़ी गिरावट रही। सेंसेक्स 989 अंक यानी 1.17 प्रतिशत की गिरावट 83339 पर बंद हुआ। निफ्टी भी 277 अंक कमजोर होकर 25607 के स्तर पर बंद हुआई। आईटी शेयरों में सबसे ज्यादा बिकवाली दिखी, जबकि मेटल शेयरों में खरीदारी का रुझान रहा। गिरावट के बाद बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप कल कल के 514 लाख करोड़ रुपये से घटकर 513 लाख करोड़ रुपये रह गया। पूरे दिन बाजार का रुझान सतर्क बना रहा। वहीं, लाभ कुछ ही क्षेत्रों तक सीमित रहा।
बाजार टूटने की तीन बड़ी वजहें
घरेलू शेयर बाजार के टूटने की बात की जाए तो पहली वजह भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील को लेकर बनी अनिश्चितता है। समझौते पर साफ तस्वीर न होने और अमेरिकी टैरिफ की चिंता से बाजार का मूड बिगड़ा। इसका सीधा असर आईटी सेक्टर पर पड़ा और इंडेक्स पर दबाव बढ़ गया।
दूसरी वजह कच्चे तेल की तेजी है। ब्रेंट क्रूड 0.56 प्रतिशत चढ़कर 97 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। तेल महंगा होने से भारत में महंगाई बढ़ने का खतरा रहता है। यह बाजार के लिए अच्छा संकेत नहीं माना जाता।
तीसरी वजह अमेरिकी फेडरल रिजर्व और आरबीआई के आने वाले फैसले हैं। दिसंबर में दोनों ब्याज दरों पर फैसला लेंगे। निवेशक इससे पहले सतर्क हैं, क्योंकि इन फैसलों से लिक्विडिटी और विदेशी निवेश की चाल तय होगी।
ग्लोबल मार्केट का क्या रहा हाल?
बता दें कि भारतीय शेयर बाजार में भले ही आज के दिन गिरावट देखने को मिली हो पर ग्लोबल मार्केट में तेजी का माहौल रहा। दक्षिण कोरिया का कोस्पी 204 अंक यानी 4.34 प्रतिशत की तेजी के साथ 4916 पर रहा। जापान का निक्केई 1212 अंक यानी 2.11 प्रतिशत चढ़कर 58711 पर पहुंचा। हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग भी 468 अंक यानी 2.11 प्रतिशत बढ़कर 22695 पर रहा।