उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर में भस्म आरती के दर्शन के लिए नई व्यवस्था लागू की गई है, जिसमें प्रत्येक मोबाइल नंबर से तीन महीने में सिर्फ एक बार अनुमति मिलेगी।
अब 3 महीने में सिर्फ एक बार मिलेगी अनुमति, एक ही मोबाइल नंबर से बार-बार बुकिंग पर रोक

उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर में भस्म आरती दर्शन के लिए नई व्यवस्था लागू कर दी गई है। अब श्रद्धालु एक मोबाइल नंबर का उपयोग कर तीन महीने में केवल एक बार ही भस्म आरती की अनुमति प्राप्त कर सकेंगे।मंदिर समिति ने यह कदम लगातार मिल रही शिकायतों और बुकिंग प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ाने के उद्देश्य से उठाया है। नई व्यवस्था प्रोटोकॉल श्रेणी से आने वाले श्रद्धालुओं पर भी लागू होगी।
बार-बार बुकिंग पर लगेगी रोक
मंदिर प्रशासन के अनुसार कुछ श्रद्धालु एक ही मोबाइल नंबर का उपयोग कर बार-बार भस्म आरती की अनुमति प्राप्त कर रहे थे। नई व्यवस्था लागू होने के बाद किसी भी मोबाइल नंबर से दोबारा अनुमति लेने के लिए तीन महीने का इंतजार करना होगा।
पहले भी लागू हो चुका था नियम
वर्ष 2024 में भस्म आरती अनुमति को लेकर लगातार शिकायतें मिलने पर तत्कालीन कलेक्टर नीरज सिंह ने एक आधार कार्ड और एक मोबाइल नंबर से तीन महीने बाद ही दोबारा अनुमति देने का नियम लागू किया था।हालांकि बाद में यह व्यवस्था प्रभावी रूप से लागू नहीं रह पाई थी। अब मंदिर समिति ने इसे फिर से सख्ती के साथ लागू करने का निर्णय लिया है।
प्रोटोकॉल वालों पर भी लागू होगा नियम
नई व्यवस्था के तहत अब ऐसे श्रद्धालु भी प्रभावित होंगे जो प्रोटोकॉल के माध्यम से हर माह भस्म आरती में शामिल हो रहे थे। अब उन्हें भी एक बार अनुमति मिलने के बाद अगली अनुमति के लिए तीन महीने का इंतजार करना होगा।महाकाल मंदिर के प्रशासक प्रथम कौशिक ने बताया कि यह व्यवस्था पहले से मौजूद थी, लेकिन अब इसे और प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक ही मोबाइल नंबर का बार-बार उपयोग रोकने के लिए तकनीकी स्तर पर निगरानी बढ़ाई गई है।
श्रद्धालुओं को क्या फायदा होगा?
नई व्यवस्था लागू होने से अधिक श्रद्धालुओं को भस्म आरती में शामिल होने का अवसर मिल सकेगा। मंदिर समिति का मानना है कि इससे बुकिंग प्रक्रिया अधिक निष्पक्ष और पारदर्शी बनेगी।