स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत आई है। अब मीटर खराबी, गलत बिल, डिस्प्ले बंद होने या रीडिंग संबंधी शिकायतों का समाधान घर बैठे 1912 हेल्पलाइन पर दर्ज कराया जा सकेगा। बिजली कंपनी ने 16 जिलों के
भोपाल। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने अपने कार्यक्षेत्र के भोपाल समेत 16 जिलों में स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी है। कंपनी ने इन उपभोक्ताओं को टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1912 पर विशेष शिकायत दर्ज करने की सुविधा दी है। उपभोक्ता अब आधुनिक स्मार्ट मीटरों से जुड़ी किसी भी शिकायत के लिए सीधे इस नंबर पर संपर्क कर निराकरण करा सकते हैं।
ये मिलेगी सुविधा
- स्मार्ट मीटर का अनुचित तरीके से इंस्टॉलेशन होना। मीटर का जल जाना, डिस्प्ले बंद होना या मीटर का क्षतिग्रस्त होना, मासिक बिजली बिल का जनरेट न होना।
- गलत बिल जनरेशन की समस्या, बिल में एक्सपोर्ट यूनिट्स का गलत दर्ज होना, तेज रिकॉर्डिंग से बिजली का अधिक बिल आने संबंधी शिकायत।
- उपाय एप में स्मार्ट मीटर का डाटा गलत दिखना या प्रदर्शित न होना, बिजली बिल में गलत सीरियल नंबर अंकित होना।
- नए स्मार्ट मीटर की स्थापना के समय प्रारंभिक रीडिंग में विसंगति होना, सोलर/नेट मीटर में परिवर्तित न होना।
- बिल भुगतान करने के बाद भी बिजली का रीकनेक्शन न किया जाना, नए स्मार्ट मीटर की स्थापना के समय पुराने मीटर की आखिरी रीडिंग गलत दर्ज होना तथा चेक मीटर लगाने का अनुरोध करना या अनुरोध के बावजूद चेक मीटर इंस्टॉल न होने संबंधी शिकायतों का निराकरण करा सकेंगे।
इनका कहना है..
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी भोपाल के सीएमडी ऋषि गर्ग का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार की आरडीएसएस योजना में कंपनी अब तक 10 लाख 86 हजार से अधिक स्मार्ट मीटर लगा चुकी है। इन मीटरों के लगने से उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं, सटीक बिलिंग और ऊर्जा दक्षता में सुधार हो रहा है। स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ता किसी झिझक के टोल-फ्री नंबर 1912 पर कॉल कर सकते हैं। कॉल सेंटर पर शिकायत दर्ज होते ही संबंधित तकनीकी टीम समस्या का जल्दनिराकरण करेगी।