उत्तर प्रदेश की राजनीति और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री हनुमंत सिंह का लंबी बीमारी के बाद सोमवार को एक निजी अस्पताल में निधन हो गया।
Hanumant Singh Passes Away: उत्तरप्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री का निधन |
Hanumant Singh Passes Away: उत्तर प्रदेश की राजनीति और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री हनुमंत सिंह का लंबी बीमारी के बाद सोमवार को एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन की खबर से बलरामपुर सहित पूरे उत्तर प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है।
बीमार चल रहे थे पूर्व मंत्री
पूर्व मंत्री के छोटे भाई शिव प्रताप सिंह ने जानकारी दी कि हनुमंत सिंह पिछले कई महीनों से अस्वस्थ चल रहे थे और सोमवार दोपहर उन्होंने निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। परिजनों के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार मंगलवार को बलरामपुर स्थित राप्ती नदी के सिसई घाट पर पूरे सम्मान के साथ किया जाएगा।
कल्याण सिंह सरकार में थे मंत्री
बता दें कि हनुमंत सिंह बलरामपुर क्षेत्र के कद्दावर नेताओं में शुमार थे और भाजपा के संगठन को मजबूत करने में उनकी अहम भूमिका रही। वे बलरामपुर से विधायक चुने गए थे और प्रदेश की कल्याण सिंह नेतृत्व वाली भाजपा सरकार में गन्ना उद्योग एवं चीनी मिलें विभाग के कैबिनेट मंत्री का पद संभाल चुके थे।
राजनीतिक जगत में शोक की लहर
हनुमंत सिंह के निधन पर जनप्रतिनिधियों और नेताओं ने दुख व्यक्त किया है। बलरामपुर सदर विधायक पलटू राम, तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ला, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह और भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा विपक्षी नेता गैसड़ी से समाजवादी पार्टी विधायक राकेश यादव समेत कई नेताओं ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।