सावन माह की शुरुआत के साथ ही अयोध्या में एक माह तक चलने वाले सावन मेले की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।
Ayodhya Sawan Mela: सावन मेले को लेकर अयोध्या तैयार, पहली बार निकलेगी श्रीराम की पालकी
|
समीर शाही, अयोध्या: सावन माह की शुरुआत के साथ ही अयोध्या में एक माह तक चलने वाले सावन मेले की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। मंडलायुक्त राजेश कुमार, डीआईजी सोमेन वर्मा और जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बुधवार को राम की पैड़ी व नया घाट का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। तीसरे और अंतिम सावन सोमवार को संभावित भारी भीड़ को देखते हुए कांवड़ यात्रा का रूट तय कर दिया गया है।
सुरक्षा के लिए 12 कंपनी तैनात
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अतिरिक्त शौचालय, महिलाओं हेतु चेंजिंग रूम, शुद्ध पेयजल और बिजली की बेहतर व्यवस्था की जा रही है। कांवड़ मार्ग को समतल बनाया जा रहा है, जबकि बारिश में फिसलन रोकने के लिए बालू व जूट मैटिंग बिछाई जाएगी। सरयू में जल पुलिस, फ्लोटिंग बैरियर तथा सुरक्षा के लिए एटीएस, एसटीएफ और 12 कंपनी पीएसी तैनात रहेगी। इस बार पहली बार राम मंदिर से भगवान श्रीराम की पालकी मणि पर्वत तक पहुंचेगी, जो मेले का मुख्य आकर्षण होगी।