राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 21 जून को कूनो राष्ट्रीय उद्यान का दौरा करेंगी और संभावना है कि वे बोत्सवाना से लाए गए चीतों को जंगल में मुक्त करेंगी।
राष्ट्रपति की मौजूदगी में बोत्सवाना से लाए चीतों को जंगल में किया जा सकता है मुक्त
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 21 जून को मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले स्थित कूनो राष्ट्रीय उद्यान का दौरा करेंगी। राष्ट्रपति के पांच दिवसीय प्रदेश प्रवास को लेकर सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। उनके दौरे की घोषणा के बाद जिला प्रशासन, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुट गई हैं। कूनो राष्ट्रीय उद्यान में भी राष्ट्रपति के स्वागत और कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 18 से 22 जून तक मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों का दौरा करेंगी। कार्यक्रम के अनुसार 21 जून को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से ग्वालियर पहुंचेंगी। इसके बाद वह सेना के हेलीकॉप्टर से कूनो राष्ट्रीय उद्यान के लिए रवाना होंगी।कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति उसी दिन कूनो राष्ट्रीय उद्यान में रात्रि विश्राम करेंगी। उनके ठहरने को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं और सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
मध्य प्रदेश प्रवास के दौरान कई जिलों का दौरा करेंगी राष्ट्रपति
सूत्रों के अनुसार राष्ट्रपति की मौजूदगी में बोत्सवाना से लाए गए शेष चीतों को खुले जंगल में छोड़ा जा सकता है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। यदि ऐसा होता है तो यह चीता पुनर्वास परियोजना के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जाएगा।राष्ट्रपति का मध्य प्रदेश दौरा केवल कूनो राष्ट्रीय उद्यान तक सीमित नहीं रहेगा। उनके कार्यक्रम में ग्वालियर, श्योपुर, इंदौर, बैतूल और जबलपुर जिलों का दौरा भी शामिल है। इस दौरान वह विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी।अपने प्रवास के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के ओंकारेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना करने की भी संभावना है।
वन्यजीव संरक्षण से जुड़े कार्यक्रमों में होंगी शामिल
22 जून की सुबह राष्ट्रपति कूनो में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेंगी। इस दौरान वन्यजीव संरक्षण और चीता प्रोजेक्ट से जुड़े कार्यक्रम आयोजित होने की भी संभावना है।
ओंकारेश्वर आगमन को लेकर तैयारियां शुरू
ओंकारेश्वर में उनके प्रस्तावित आगमन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए उनके यात्रा कार्यक्रम में शामिल सभी जिलों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है।प्रशासन, पुलिस तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं। इन जिलों में समन्वय बैठकों का आयोजन भी किया जा रहा है, ताकि किसी प्रकार की परेशानी न हो।