उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ को जल्द ही एक नया विधानभवन मिलने जा रहा है। गोमतीनगर स्थित सहारा शहर की करीब 200 एकड़ जमीन पर उत्तर प्रदेश का नया विधानभवन बनाया जाएगा।
डॉ. अतुल मोहन सिंह, लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ को जल्द ही एक नया विधानभवन मिलने जा रहा है। गोमतीनगर स्थित सहारा शहर की करीब 200 एकड़ जमीन पर उत्तर प्रदेश का नया विधानभवन बनाया जाएगा। करीब 5,200 करोड़ की लागत से बनने वाले इस परिसर की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि भवन को कमल के फूल का आकार दिया जाएगा।
झलकेगी सांस्कृतिक विरासत
खबरों के अनुसाार बताया जा रहा है कि प्रस्तावित डिजाइन के अनुसार, नए विधानभवन को ऊपर से देखने पर यह खिलते हुए कमल की पंखुड़ियों जैसा दिखाई देगा। भवन का मुख्य और केंद्रीय ढांचा विधानसभा तथा विधान परिषद के विशाल और अत्याधुनिक सदनों की कार्यवाही के लिए आरक्षित रहेगा। कमल की पंखुड़ियों की तर्ज पर केंद्रीय भाग के चारों ओर प्रशासनिक कार्यालय, मंत्रियों व विधायकों के कक्ष और अन्य सहायक इकाइयां बनाई जाएंगी।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा नया परिसर
भविष्य में होने वाले संभावित परिसीमन को ध्यान में रखते हुए नए भवन में अधिक विधायकों और विधान परिषद सदस्यों के बैठने की व्यवस्था होगी। नया विधानभवन पूरी तरह से डिजिटल, ई-विधान प्रणाली से लैस और सुरक्षा मानकों के अनुरूप बनाया जाएगा। 200 एकड़ के इस परिसर में बड़े पैमाने पर ग्रीन स्पेस, ऑडिटोरियम, मीडिया सेंटर और पार्किंग कॉम्प्लेक्स भी शामिल होंगे।