मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का शनिवार को रीवा में एक अलग ही अंदाज देखने को मिला। भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में शामिल होने पहुंचे मुख्यमंत्री ने जनसभा के मंच से अपनी ही पार्टी के सांसद जनार्दन मिश्रा पर चुटकी ले ली। सीएम ने सांसद के बोलने के अंदाज की तुलना AK-47 की गोलियों से करते हुए ऐसा बयान दिया कि मंच पर मौजूद नेता और कार्यकर्ता मुस्कुराने लगे।
‘माहौल बनाना हो तो जनार्दन जी को खड़ा कर दो’
रीवा में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि जब भी माहौल बनाना हो तो जनार्दन जी को खड़ा कर दो। वे AK-47 की गोलियों की तरह धड़ाधड़ बोलते हैं। मुख्यमंत्री ने हल्के-फुल्के अंदाज में आगे कहा कि कभी-कभी जनार्दन मिश्रा ‘हिट विकेट’ भी हो जाते हैं, ऐसे में उन्हें रोकना पड़ता है।
सीएम की इस टिप्पणी को सुनकर कार्यक्रम में मौजूद लोगों के चेहरे पर मुस्कान आ गई। मुख्यमंत्री का यह मजाकिया अंदाज अब चर्चा में है। उनके बयान का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है।
अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहते हैं सांसद
रीवा से भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा अपने बेबाक अंदाज और बयानों के लिए अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। हाल ही में पानी और संतान से जुड़े उनके बयान भी चर्चा का विषय बने थे। इसी पृष्ठभूमि में मुख्यमंत्री ने मंच से उनकी भाषण शैली पर चुटकी ली।
हालांकि, मुख्यमंत्री की टिप्पणी का अंदाज हल्का-फुल्का था। उन्होंने सांसद के बोलने की तेजी को AK-47 की गोलियों से जोड़कर सभा में मौजूद लोगों का ध्यान खींचा।
कांग्रेस और राहुल गांधी पर भी साधा निशाना
जनसभा में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर भी राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत की ओर आशा भरी नजरों से देख रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार आगे बढ़ रहा है, लेकिन कांग्रेस और राहुल गांधी को देश की प्रगति रास नहीं आती।
सीएम ने आरोप लगाया कि कांग्रेस को हर मुद्दे पर विरोध करने की आदत हो गई है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व पर कटाक्ष करते हुए कहा कि समझ नहीं आता कि इस परिवार को क्या परेशानी है, हर बात का उल्टा विरोध किया जाता है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में विंध्य और चित्रकूट की धार्मिक महत्ता का भी उल्लेख किया। उन्होंने इस क्षेत्र को भगवान राम की तपोभूमि बताते हुए कहा कि मान्यता के अनुसार भगवान राम ने अपने वनवास के 11 वर्ष इसी क्षेत्र में बिताए थे। उन्होंने कांग्रेस पर राम मंदिर निर्माण का विरोध करने और भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाने का आरोप भी लगाया।
NCC ग्राउंड से पद्मधर पार्क तक निकली पदयात्रा
भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा रीवा में टीआरएस कॉलेज के पास स्थित एनसीसी ग्राउंड से शुरू हुई। यात्रा का मार्ग कॉलेज चौराहा, सिरमौर चौराहा, अमहिया रोड और अस्पताल चौराहा होते हुए पद्मधर पार्क तक निर्धारित किया गया था। इसमें भाजपा के स्थानीय नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और केंद्रीय राज्यमंत्री निमूबेन बांभनिया सहित कई नेता मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री के दौरे के चलते बदली यातायात व्यवस्था
मुख्यमंत्री के दौरे और पदयात्रा को देखते हुए रीवा शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया। भारी वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं दिया गया। सतना की ओर से प्रयागराज और मिर्जापुर जाने वाले वाहनों को बायपास मार्ग से भेजने की व्यवस्था की गई थी।
रीवा की इस जनसभा में जहां मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर राजनीतिक निशाना साधा, वहीं सांसद जनार्दन मिश्रा पर उनकी मजाकिया टिप्पणी सबसे ज्यादा चर्चा में रही।