MP Outsourced Employees: मध्य प्रदेश में आउटसोर्स कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त किए जाने को लेकर चल रही अटकलों और असमंजस के बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पूरी स्थिति स्पष्ट कर दी है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि राज्य के किसी भी आउटसोर्स कर्मचारी को नौकरी से बाहर नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा है कि उनकी नियुक्ति से जुड़ी मौजूदा व्यवस्था पहले की तरह यथावत जारी रहेगी।
विभाग ने जारी किया था आदेश
बता दें कि बीते दिनों योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग की ओर से जारी एक आदेश के सामने आने के बाद प्रदेश भर के आउटसोर्स कर्मचारियों में अपनी नौकरी को लेकर चिंता बढ़ गई थी। आदेश में वित्त विभाग के दिशा-निर्देशों का हवाला देते हुए 31 मार्च 2027 तक नियमित पदों के विरुद्ध कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त करने की कार्यवाही पूर्ण करने का उल्लेख किया गया था। उस निर्देश में केवल चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों को छूट दी गई थी, जबकि अन्य श्रेणियों में आउटसोर्स व्यवस्था खत्म कर आवश्यकतानुसार नियमित भर्ती करने की बात कही गई थी।
ढाई लाख कर्मचारियों के प्रभावित होने का दावा
इस आदेश के जारी होने के बाद 'अस्थायी आउटसोर्स कर्मचारी मोर्चा' के अध्यक्ष वासुदेव शर्मा ने आशंका व्यक्त की थी कि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को छोड़कर राज्य के लगभग 2 से ढाई लाख आउटसोर्स कर्मियों की आजीविका प्रभावित हो सकती है। संगठन के अनुसार, वर्तमान में मध्य प्रदेश के विभिन्न सरकारी विभागों में 5 लाख से अधिक आउटसोर्स कर्मचारी कार्यरत हैं। जिनमें डेटा एंट्री ऑपरेटर, कंप्यूटर ऑपरेटर और ऑफिस असिस्टेंट समेत कई तकनीकी व कार्यालयीन पदों पर काम करने वाले युवा शामिल हैं, जो बिजली कंपनियों, स्वास्थ्य विभाग, नगरीय निकाय, पंचायत, कलेक्ट्रेट, शिक्षा, लोक निर्माण और जल संसाधन जैसे महत्वपूर्ण विभागों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। अब मुख्यमंत्री के बयान के बाद इन लाखों कर्मचारियों ने राहत की सांस ली है।