Sagar Liquor Shop Health Checkup: मध्य प्रदेश के सागर जिले में बीते दिनों जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद अब जिला प्रशासन ने एक अनूठी पहल की शुरुआत की है। शराब के सेवन से होने वाले गंभीर खतरों को रोकने के लिए अब शराब दुकानों के ठीक बाहर स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीमें तैनात की गई हैं। ये टीमें शराब खरीदने आने वाले लोगों का मौके पर ही स्वास्थ्य परीक्षण और काउंसलिंग कर रही हैं।
सागर जिले के कई शहर में लगे शिविर
प्रशासन के इस अभियान के तहत सागर शहरी क्षेत्र के साथ-साथ देवरी, रहली, बीना और खुरई में भी शराब दुकानों के सामने स्वास्थ्य शिविर लगाए गए हैं। यहां डॉक्टरों की टीम आदतन शराब का सेवन करने वाले लोगों के लिवर और किडनी संबंधी स्वास्थ्य की जांच कर रही है। जांच के साथ-साथ उन्हें आवश्यकतानुसार दवाइयां और मल्टीविटामिन भी निःशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं। साथ ही चिकित्सक लोगों को जागरूक करते हुए खाली पेट शराब न पीने की सलाह भी दे रहे हैं।
प्रशासन के सख्त आदेश
इस मुहिम के तहत प्रशासन ने सख्त निर्देश जारी किए हैं कि जो व्यक्ति पहले से अत्यधिक नशे की हालत में हैं या शारीरिक रूप से बीमार दिखाई दे रहे हैं, उन्हें शराब की बिक्री न की जाए। प्रशासन ने अब तक ऐसे करीब 300 व्यक्तियों को चिह्नित भी किया है, जिनकी सेहत को देखते हुए निगरानी रखी जा रही है।
जहरीली शराब से हुई थी मौतें
आपको बता दें कि बीते सितंबर महीने में सागर के बंडा क्षेत्र में नकली और जहरीली शराब पीने से 37 लोगों की मृत्यु हो गई थी। मामले की जांच में सामने आया था कि औद्योगिक स्प्रिट का उपयोग कर अवैध रूप से नकली शराब तैयार की गई थी और उसे नामी ब्रांड के लेबल लगाकर बेचा जा रहा था।