गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित गौर ग्रीन एवेन्यू सोसायटी की 15 मंजिला बिल्डिंग में भीषण आग लग गई। कई फ्लोर चपेट में आए, लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। गौर ग्रीन एवेन्यू सोसायटी की 15 मंजिला बिल्डिंग में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में 9वीं मंजिल से ऊपर की 3 से 4 मंजिलें इसकी चपेट में आ गईं। दूर-दूर तक धुएं का काला गुबार दिखाई देने लगा, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।घटना सुबह करीब 8:30 बजे अभय खंड स्थित गौर ग्रीन एवेन्यू सोसायटी के D टावर में हुई। राहत की बात यह रही कि समय रहते लोगों को बाहर निकाल लिया गया। हालांकि कई फ्लैट पूरी तरह जल गए और लाखों का सामान राख हो गया।

9वीं मंजिल से शुरू हुई आग
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग D टावर की 9वीं मंजिल पर लगी थी। देखते ही देखते आग ने 10वीं, 11वीं और 12वीं मंजिल को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची लपटें और घना धुआं करीब 2 किलोमीटर दूर से नजर आ रहा था।सोसायटी में रहने वाली मीनाक्षी ने बताया कि अचानक लिफ्ट के पास शोर मचा कि बिल्डिंग में आग लग गई है। लोग तुरंत अपने घर छोड़कर नीचे की ओर भागने लगे। कुछ ही मिनटों में पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

दमकल की कई गाड़ियां मौके पर, रेस्क्यू जारी
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। शुरुआती जानकारी में 8 दमकल गाड़ियों के पहुंचने की बात सामने आई, जबकि बाद में 11 टीमें आग बुझाने में जुट गईं।ऊपरी मंजिलों तक पानी पहुंचाने में दमकलकर्मियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। आसपास की बिल्डिंगों के लोग भी पाइप और पानी की मदद से आग बुझाने की कोशिश करते दिखे।
आंखों के सामने जल गए फ्लैट
आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कई फ्लैट पूरी तरह जलकर खाक हो गए। नीचे खड़े परिवार अपने घरों को जलता देख रो पड़े। महिलाओं और बच्चों में डर का माहौल बना रहा।स्थानीय लोगों के मुताबिक आग लगने के समय कुछ मंजिलों पर निर्माण कार्य भी चल रहा था। हालांकि आग लगने की असली वजह का अभी आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है।
कंस्ट्रक्शन कार्य के दौरान हादसे की आशंका
सोसायटी में रहने वाली एक महिला ने दावा किया कि 7वीं मंजिल पर कंस्ट्रक्शन का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक आग लगी और कुछ ही देर में कई फ्लोर इसकी चपेट में आ गए। फिलहाल पुलिस और फायर विभाग आग लगने के कारणों की जांच में जुटे हैं। राहत की बात यह है कि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।