श्रीओम बघेल,मथुरा: मथुरा स्थित गऊ ग्राम परखम में 28 नवंबर को भव्य कार्यक्रम आयोजित होने जा रहा है। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय मंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल समेत कई दिग्गज शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पशु आयुर्वेद एवं पारंपरिक ज्ञान में एक वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रम का विमोचन करेंगे। इसके साथ ही आयुर्वेद कॉलेज एवं चिकित्सालय, पशु चिकित्सालय महाविद्यालय और आवासीय परिसर का शिलान्यास करेंगे। वहीं आयुर्वेद एवं पंचगव्य अनुसंधान केंद्र और श्री नंदीश्वर छात्रावास का लोकार्पण भी किया जाएगा।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश सोनी मुख्य वक्ता रहेंगे। वहीं महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज और स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज का आशीर्वचन प्राप्त होगा। कार्यक्रम को लेकर बुधवार को गऊ ग्राम परखम स्थित अशोक सिंघल सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के मंत्री हरिशंकर शर्मा ने जानकारी दी।
समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह, आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु सहित कई प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी। गौ संवर्धन, आयुर्वेद, अनुसंधान और शिक्षा को नई दिशा देने वाले इस कार्यक्रम को लेकर गऊ ग्राम परखम में तैयारियां तेज हो गई हैं।