छिंदवाड़ा के किशनपुर गांव में कुएं से मिला पाइजन का पाउच और मृत मछली, पानी में झाग आने के बाद प्रशासन ने शुरू की जांच। कुएं का पानी पीने और उससे नहाने के बाद 25 से अधिक ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ गई।
छिंदवाड़ा। जिले के बिछुआ क्षेत्र के खमरा स्थित किशनपुर गांव में कुएं का पानी पीने और उससे नहाने के बाद 25 से 30 ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने हाथ-पैरों में खुजली, एलर्जी और पानी से बदबू आने की शिकायत की। सूचना मिलते ही प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई।
पानी में दिखा झाग, जांच में मिला पाइजन का पाउच
ग्रामीणों के अनुसार सुबह कुएं का पानी उपयोग करने के कुछ समय बाद लोगों में एलर्जी जैसे लक्षण दिखाई देने लगे। दोबारा जांच करने पर पानी में झाग और फेस दिखाई दिया। इसी दौरान कुएं से निकाली गई बाल्टी में एक संदिग्ध पाइजन (जहरीले पदार्थ) का पाउच और मृत मछली मिलने से मामला और गंभीर हो गया।
प्रशासन ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHE) की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने पानी के नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेज दिए हैं। प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि पानी दूषित कैसे हुआ और ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ने की वास्तविक वजह क्या है।

अस्पताल जाने को तैयार नहीं ग्रामीण
एहतियात के तौर पर प्रशासन ने प्रभावित लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने का फैसला लिया है। इसके लिए पांच एंबुलेंस गांव भेजी गईं, लेकिन कई ग्रामीण खुद को स्वस्थ बताते हुए अस्पताल जाने से इनकार कर रहे हैं।जांच पूरी होने तक प्रशासन ने ग्रामीणों को कुएं का पानी पीने या अन्य उपयोग में नहीं लेने की सलाह दी है। स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में निगरानी बनाए हुए है और ग्रामीणों की स्वास्थ्य स्थिति पर नजर रख रही है।