छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग जल्द ही चुनाव कार्यक्रम जारी कर सकता है। 30 नवंबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद 2 या 3 दिसंबर को चुनाव की तारीखों का ऐलान होने की संभावना है। इसके साथ ही प्रदेश में आदर्श आचार संहिता भी लागू हो सकती है।
1231 पदों के लिए होगा चुनाव
इस बार नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव मिलाकर कुल 1231 पदों पर मतदान कराया जाएगा.नगरीय निकायों में महापौर के 4, अध्यक्ष के 13 और पार्षद के 400 पदों सहित कुल 417 पदों के लिए चुनाव होना है। वहीं उपचुनाव के तहत अध्यक्ष के एक और पार्षद के 6 पद शामिल हैं.पंचायत चुनाव में जनपद पंचायत सदस्य का एक, सरपंच के 92 और पंच के 721 पदों पर मतदान होगा। इस तरह ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में चुनावी मुकाबला देखने को मिलेगा।
दिसंबर के अंतिम सप्ताह में हो सकता है मतदान
चुनाव कार्यक्रम दिसंबर के पहले सप्ताह में जारी होने की संभावना है, जबकि मतदान दिसंबर के अंतिम सप्ताह में कराया जा सकता है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि निर्वाचन आयोग की घोषणा के बाद ही होगी.चुनाव को देखते हुए राजनीतिक दलों ने भी वार्ड स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। संभावित उम्मीदवारों के नाम और स्थानीय समीकरणों पर चर्चा चल रही है।
चुनाव में देरी हुई तो नियुक्त होंगे प्रशासक
यदि चुनाव प्रक्रिया में देरी होती है तो कुछ नगरीय निकायों में प्रशासकों की नियुक्ति करनी पड़ सकती है। बीरगांव नगर निगम में चुनाव की घोषणा होने पर उसके सभी 40 वार्डों में आचार संहिता लागू होगी। इसका असर अपने आप पूरे रायपुर जिले पर नहीं पड़ेगा.फिलहाल 30 नवंबर की मतदाता सूची और दिसंबर के पहले सप्ताह में निर्वाचन आयोग की घोषणा पर सबकी नजरें टिकी हैं।