भोपाल की एक नर्स ने युवक पर मारपीट, धमकी देने और जबरन पैसे निकलवाने का आरोप लगाया। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू की।
भोपाल के पिपलानी थाना क्षेत्र में एक निजी अस्पताल में कार्यरत 25 वर्षीय नर्स ने एक युवक पर मारपीट, धमकी और जबरन पैसे निकलवाने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई थी।
दोस्ती के बाद शुरू हुई पैसों की मांग
पुलिस के अनुसार पीड़िता इंद्रपुरी क्षेत्र में किराए के मकान में रहती है और एक दंत चिकित्सालय में नर्स के रूप में कार्यरत है। महिला ने बताया कि वह पिछले चार-पांच वर्षों से आमिर खान नामक युवक को जानती है। दोनों के बीच दोस्ती थी और इसी वजह से मुलाकातें भी होती थीं। आरोप है कि पिछले कुछ समय से युवक उस पर लगातार पैसों के लिए दबाव बना रहा था।
रात में घर पहुंचा, धमकाकर एटीएम ले गया
शिकायत के मुताबिक बुधवार-गुरुवार की रात करीब दो बजे आरोपी ने फोन कर पांच हजार रुपए की मांग की। महिला के विरोध करने पर उसने कथित तौर पर वाहन में पेट्रोल डालकर आग लगाने और नौकरी पर जाते समय हमला करने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी उसके घर पहुंचा और उसे अपने साथ ले गया।महिला का आरोप है कि आरोपी उसे प्रभात चौराहे स्थित एटीएम तक ले गया, जहां उससे पैसे निकलवाए गए। इस दौरान गाली-गलौज और मारपीट भी की गई।
मोबाइल छीनने और अतिरिक्त रकम मांगने का आरोप
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने अस्पताल की ओर से मिला मोबाइल फोन भी छीन लिया। आरोप है कि युवक ने मोबाइल लौटाने के बदले 12 हजार रुपए की मांग की। मारपीट में महिला के सिर और होंठ पर चोटें आई हैं।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पिपलानी पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और आरोपी की तलाश जारी है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।