भोपाल में 23 से 25 जून तक टैक्सी चालक हड़ताल पर रहेंगे, जिससे एयरपोर्ट पर टैक्सी सेवाएं प्रभावित होंगी और यात्रियों को वैकल्पिक परिवहन की तलाश करनी पड़ेगी।
23 से 25 जून तक एग्रीगेटर कंपनियों के खिलाफ हड़ताल, ऑनलाइन बुकिंग भी नहीं करेंगे चालक
राजधानी में 23 से 25 जून के बीच हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों को एयरपोर्ट आने-जाने के लिए अतिरिक्त तैयारी करनी होगी। एग्रीगेटर कंपनियों की नीतियों के विरोध में टैक्सी चालक तीन दिवसीय हड़ताल पर रहेंगे। इस दौरान वे किसी भी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की बुकिंग स्वीकार नहीं करेंगे, जिससे भोपाल एयरपोर्ट पर टैक्सी सेवाएं प्रभावित रहेंगी और यात्रियों को वैकल्पिक परिवहन का सहारा लेना पड़ सकता है।
तीन दिन प्रभावित रहेंगी टैक्सी सेवाएं
टैक्सी चालक संघ के महामंत्री राजेशकुमार नागले ने बताया कि इससे पहले 7 फरवरी और 12 जून को बोर्ड ऑफिस चौराहे पर सांकेतिक धरना देकर शासन-प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके विरोध में अब तीन दिवसीय आंदोलन का निर्णय लिया गया है।संघ का आरोप है कि एग्रीगेटर कंपनियां राज्य सरकार द्वारा निर्धारित किरायाो लागू नहीं कर रही हैं और ड्राइवरों को तय दर से कम भुगतान किया जा रहा है। उनका कहना है कि किराया बढ़ाना और सरकारी दरों को प्रभावी ढंग से लागू करना ही समस्या का स्थायी समाधान है।
हड़ताल के दौरान एयरपोर्ट से शहर और शहर से एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को निजी वाहन, ऑटो या अन्य वैकल्पिक साधनों की व्यवस्था पहले से करनी पड़ सकती है। वहीं, ऑनलाइन टैक्सी सेवाओं पर निर्भर यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।