मध्य प्रदेश के मुलताई में जादू-टोने के शक में 12 वर्षीय बालक की हत्या की गई। आरोपी ने बालक के माता-पिता पर जादू-टोना करने का संदेह जताया।
आरोपी को बच्चे के माता-पिता पर था जादू-टोने का संदेह
प्रभातपट्टन ब्लॉक के ग्राम ताईखेड़ा में जादू-टोने के शक में एक नाबालिग बालक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी को कई वर्षों से संतान नहीं हो रही थी, जिसके चलते वह बालक की मां पर जादू-टोना करने का संदेह करता था।
20 जून लापता था बच्चा
उपनिरीक्षक सुनील सरेयाम ने बताया कि 20 जून की दोपहर ग्राम ताईखेड़ा निवासी सहू अहाके के 12 वर्षीय पुत्र अंकुश को गांव का ही परिचित सुदामा इवनाती (18) अपने साथ खेत पर ले गया था। इसके बाद अंकुश घर वापस नहीं लौटा। परिजनों ने संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसी दौरान सुदामा भी गांव से गायब था। परिजनों ने पुलिस थाने में अंकुश की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराते हुए गांव के ही सुदामा इवनाती पर संदेह जताया। अंकुश के माता-पिता ने पुलिस को बताया कि पूर्व में गांव के ही राकेश उईके ने संतान नहीं होने के कारण उन पर जादू-टोना करने का आरोप लगाते हुए विवाद किया था।पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर संदेही सुदामा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान सुदामा ने राकेश उईके के साथ मिलकर अंकुश की हत्या करना स्वीकार कर लिया।उपनिरीक्षक सुनील सरेयाम के अनुसार, आरोपी राकेश ने पूछताछ में बताया कि उसने 20 जून को सुदामा को अंकुश को खेत पर लाने के लिए कहा था। जब अंकुश खेत पहुंचा, तब दोनों आरोपियों ने लोहे की सरिया से उसके सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी।हत्या के बाद आरोपियों ने शव को एक बोरी में बंद किया और मोटरसाइकिल से ग्राम सालईढाना के पास ले जाकर एक गहरी खाई में फेंक दिया।
पुलिस ने शव बरामद किया
आरोपियों की निशानदेही पर सोमवार रात एसडीओपी एस.के. सिंह, थाना प्रभारी विकास पटेल, प्रभातपट्टन चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक दिनेश कुमरे, उपनिरीक्षक सुनील सरेयाम, नेपाल सिंह ठाकुर एवं पुलिस बल मौके पर पहुंचा।पुलिस ने लगभग 150 फीट गहरी खाई से बोरी में बंद बालक का शव बरामद किया। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।पुलिस ने आरोपी राकेश उईके और सुदामा इवनाती को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।पूछताछ में राकेश उईके ने बताया कि उसे पिछले दस वर्षों से संतान नहीं हो रही थी। उसे संदेह था कि मृतक अंकुश के माता-पिता ने उस पर जादू-टोना किया है। इसी शक के चलते उसने बदला लेने की नीयत से बालक की हत्या कर दी।
ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
घटना में गांव के एक कथित भगत की भूमिका होने का संदेह जताते हुए ग्रामीणों ने उसे भी आरोपी बनाने की मांग की। इस मांग को लेकर मंगलवार दोपहर ग्रामीणों ने ताईखेड़ा से गुजरने वाले आठनेर मार्ग पर चक्काजाम कर दिया।दोपहर करीब डेढ़ बजे से ग्रामीणों ने धरना देकर सड़क पर वाहनों का आवागमन बाधित कर दिया। बाद में पुलिस अधिकारियों द्वारा समझाइश दिए जाने के बाद स्थिति सामान्य हुई।