अंकित पाण्डेय,अमेठी: रामगंज थाना क्षेत्र में करीब 80 लाख रुपये की चोरी के मामले में अब तक खुलासा नहीं होने पर पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने कार्रवाई की है। एसपी ने रामगंज थानाध्यक्ष रामराज कुशवाहा को लाइन हाजिर कर दिया है। वहीं, एसओजी प्रभारी रहे उपनिरीक्षक अनूप सिंह को रामगंज थाने का नया प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा मुसाफिरखाना थाने में तैनात गोपालमणि मिश्रा को एसओजी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
रामगंज थाना क्षेत्र में राजेश सिंह के घर हुई करीब 80 लाख रुपये की चोरी की घटना पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई है। मामले में अब तक ठोस नतीजा सामने नहीं आने के बीच एसपी ने थाना प्रभारी को हटाकर नई जिम्मेदारी सौंप दी है। इस कार्रवाई को अपराधों के खुलासे और पुलिस कार्यप्रणाली में जवाबदेही सुनिश्चित करने के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है।
अनूप सिंह के सामने चोरी का खुलासा बड़ी चुनौती
एसओजी में रहते हुए अपराधों की जांच और कार्रवाई से जुड़े रहे अनूप सिंह को अब रामगंज थाने की जिम्मेदारी मिली है। उनके सामने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ राजेश सिंह के घर हुई बड़ी चोरी का खुलासा करना और चोरी गए सामान की बरामदगी सुनिश्चित करना अहम चुनौती होगी।वहीं, गोपालमणि मिश्रा को एसओजी प्रभारी बनाए जाने से जिले की अपराध नियंत्रण टीम में भी जिम्मेदारियों का बदलाव हुआ है। एसपी के इस फेरबदल के बाद अब रामगंज में हुई बड़ी चोरी के मामले की जांच और खुलासे को लेकर पुलिस की अगली कार्रवाई पर लोगों की निगाहें टिकी हैं।