गुना में आयोजित व्याख्यान माला में डॉ. अजय खेमरिया ने डॉ. भीमराव अंबेडकर को आधुनिक भारत का सच्चा प्रतिनिधि बताया और उनके विचारों को लेकर चल रहे विमर्श पर बात की।
भीमराव अंबेडकर आधुनिक भारत के सच्चे प्रतिनिधि होने के साथ ही भारतीयता के पैरोकार हैं। षड्यंत्रपूर्वक उनके विराट व्यक्तित्व को राजनीतिक हदों में बांधने का षड्यंत्र चल रहा है। हमें इसी षड्यंत्र को न सिर्फ समझने, बल्कि उसके खिलाफ वैचारिक स्तर पर धरातल की लड़ाई लड़ने की आवश्यकता है। तभी हम अंबेडकर के सपनों के भारत का निर्माण करने में अपनी भूमिका सुनिश्चित कर पाएंगे। यह बात रविवार को शहर के मानस भवन में आयोजित व्याख्यान माला में दिव्यांगजन आयुक्त डॉ. अजय खेमरिया ने कही।
जनकल्याण स्व. नाथूलाल न्यास के तत्वावधान में अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित व्याख्यान माला में मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद डॉ. खेमरिया ने अंबेडकर को लेकर चलाए जा रहे नैरिटव को लेकर तथ्यों एवं उदाहरणों के साथ अपनी बात को प्रमाणित किया। उन्होंने कहा कि अंबेडकर वर्सेस अंबेडकर विरोधी का सूचना वार इस समय छेड़ दिया गया है और यह सब षड्यंत्रपूर्वक किया गया है। जय भीम-जय-मीम का नैरिटव गढ़ा जा रहा है।
दानदाताओं का किया सम्मान
कार्यक्रम में सेवा भारती के लिए जमीन दान करने वाले वीरेन्द्र सिसौदिया एवं रामनारायण सोनी का सम्मान किया गया। इससे पहले कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में डीईओ राजेश गोयल ने संबोधित कर अंबेडकर के जीवन के बारे में जानकारी प्रदान की, वहीं अध्यक्षीय उद्बोधन में न्यास के अध्यक्ष अशोक कुशवाह ने न्यास के बारे में बताया।