अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित एडवर्ड्स एयरफोर्स बेस पर B-52 बॉम्बर विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें विमान में सवार सभी 8 लोगों की मौत हो गई।
अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित एडवर्ड्स एयरफोर्स बेस पर सोमवार सुबह एक B-52 स्ट्रैटोफोर्ट्रेस बॉम्बर विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। अमेरिकी वायुसेना के अनुसार हादसे में विमान में सवार सभी 8 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में वायुसेना के जवान और विमान परीक्षण कार्यक्रम से जुड़े विशेषज्ञ शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक विमान नियमित परीक्षण उड़ान पर था। उसने सुबह करीब 11:20 बजे उड़ान भरी, लेकिन टेकऑफ के कुछ ही समय बाद वह नियंत्रण खो बैठा और जमीन पर गिरकर आग की चपेट में आ गया। दुर्घटना के बाद एयरबेस पर आपातकालीन टीमों को तैनात किया गया और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया।
कंट्रोल सिस्टम या इंजन में खराबी की आशंका
अमेरिकी वायुसेना ने अभी तक हादसे के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। हालांकि शुरुआती जांच में विमान के कंट्रोल सिस्टम, इंजन या परीक्षण के दौरान इस्तेमाल किए जा रहे किसी उपकरण में तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है।विमानन सुरक्षा विशेषज्ञ जेफ गुजेटी ने कहा कि टेकऑफ के तुरंत बाद विमान का गिरना फ्लाइट कंट्रोल सिस्टम में गंभीर गड़बड़ी की ओर इशारा करता है। उन्होंने कहा कि मेंटेनेंस से जुड़ी समस्या, इंजन फेल होना या टेस्टिंग उपकरण में खराबी भी दुर्घटना का कारण हो सकती है।
एयरफील्ड बंद, जांच शुरू
हादसे के बाद एडवर्ड्स एयरफोर्स बेस के एयरफील्ड को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। आने वाले विमानों को अन्य एयरबेस की ओर डायवर्ट किया जा रहा है। अधिकारियों ने यह जानकारी नहीं दी है कि दुर्घटनाग्रस्त विमान में कोई हथियार मौजूद था या नहीं।
क्या है B-52 स्ट्रैटोफोर्ट्रेस?
B-52 स्ट्रैटोफोर्ट्रेस अमेरिकी वायुसेना का लंबी दूरी तक मार करने वाला रणनीतिक बॉम्बर विमान है। यह 1955 से सेवा में है और पारंपरिक तथा परमाणु दोनों प्रकार के हथियार ले जाने में सक्षम माना जाता है। वियतनाम युद्ध से लेकर कई आधुनिक सैन्य अभियानों में इसका इस्तेमाल किया गया है। अमेरिकी वायुसेना आज भी इस विमान का उपयोग कर रही है और इसे लगातार आधुनिक तकनीक से अपग्रेड किया जा रहा है।
पहले भी हो चुके हैं हादसे
इससे पहले 21 मई को अमेरिका के इडाहो स्थित माउंटेन होम एयरफोर्स बेस पर एयर शो के दौरान दो EA-18G ग्रोलर फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त हो गए थे। वहीं हाल ही में एक F-16 लड़ाकू विमान भी क्रैश हुआ था, हालांकि उसमें पायलट सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहा था। B-52 हादसा इस साल अमेरिकी सैन्य विमानों से जुड़ी सबसे गंभीर दुर्घटनाओं में शामिल माना जा रहा है।