नई दिल्ली। परिसीमन बिल पर मोदी सरकार को शरद पवार की पार्टी का समर्थन मिल गया है। डीएमके और आरजेडी के बाद अब एनसीपी शरद पवार गुट ने भी साफ कर दिया है कि उसके सांसद बिल के पक्ष में वोट करेंगे। संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू हो रहा है।
आव्हाड ने क्या कहा
पार्टी की ओर से यह जानकारी जितेंद्र आव्हाड ने दी। वे मुंब्रा-कलवा सीट से विधायक हैं। मुंबई में उन्होंने कहा कि परिसीमन संवैधानिक प्रक्रिया है और इसी वजह से इसे समर्थन देने का फैसला हुआ। एनसीपी परिसीमन का समर्थन करेगी।
पहले से मिल रहे थे संकेत
सुप्रिया सुले ने पहले कहा था कि वे बातचीत के बाद फैसला लेंगी। इसके बाद उन्होंने इंडिया गठबंधन की बैठक में जाने से भी मना कर दिया था। तभी से अटकलें थीं कि पार्टी बिल के साथ जा सकती है। सूत्रों के मुताबिक पीएम मोदी पिछले करीब दो महीने से शरद पवार के संपर्क में थे। पवार के अस्पताल में भर्ती होने पर उन्होंने खुद फोन कर हालचाल पूछा था। उस दौरान साथ आने की सलाह भी दी थी। पीएम ने सुप्रिया सुले के भविष्य को शानदार बताया था। पवार एनडीए में शामिल नहीं हुए, लेकिन बिल पर सरकार के साथ खड़े हैं।
क्या है बिल का मकसद
बीजेपी की अगुवाई वाली सरकार के प्रस्तावित बिल का मकसद लोकसभा की मौजूदा 543 चुनी हुई सीटों को बढ़ाकर 850 करना है। सरकार इसके लिए विपक्षी दलों को साथ लाने की कोशिश कर रही है।