जम्मू-कश्मीर में सर्दी का असर तेज हो गया है। पहलगाम में न्यूनतम तापमान माइनस 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि श्रीनगर में पारा माइनस 1.9 डिग्री तक गिर गया। श्रीनगर में इस सीजन की अब तक की सबसे ठंडी रात रही। कुलगाम में पेड़ों की टहनियों पर बर्फ जमने लगी है। घाटी में गिरते तापमान के बीच सुबह और रात के समय ठिठुरन बढ़ गई है।
MP-राजस्थान में शीतलहर, 10 डिग्री से नीचे पहुंचा पारा
मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी ठंड का असर तेज होने वाला है। राजस्थान के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि सीकर में 5 डिग्री और नागौर में 6.1 डिग्री तापमान रहा। मौसम विभाग ने राजस्थान के कई जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है।मध्य प्रदेश में भी रात का तापमान तेजी से नीचे गिर रहा है। कटनी के करौंदी में पारा 6.8 डिग्री पहुंच गया, जबकि भोपाल में न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश के भोपाल, शाजापुर, दमोह और कटनी में शीतलहर की चेतावनी दी गई है। कई शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंच चुका है।
13 राज्यों में घने कोहरे की चेतावनी
उत्तर भारत के कई राज्यों में कोहरा परेशानी बढ़ाने वाला है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश समेत 13 राज्यों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर प्रदेश के कई शहरों में कोहरे के कारण विजिबिलिटी बेहद कम हो गई। बलरामपुर में दृश्यता घटकर 10 मीटर तक पहुंच गई। पंजाब और हरियाणा के कई जिलों में भी सुबह के समय घना कोहरा छाने की संभावना है।
दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट
जहां उत्तर भारत ठंड और कोहरे से जूझ रहा है, वहीं दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वी हवाओं के प्रभाव से केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अगले दो दिनों तक भारी बारिश हो सकती है। तिरुवनंतपुरम और तमिलनाडु के कुछ इलाकों में बारिश के बाद सड़कों पर जलभराव देखने को मिला है।
दिल्ली में 12वें दिन भी खराब हवा
मौसम के साथ प्रदूषण भी चिंता बढ़ा रहा है। दिल्ली में लगातार 12वें दिन हवा खराब श्रेणी में बनी रही। गुरुवार को राजधानी का औसत AQI 224 दर्ज किया गया। खराब हवा के कारण सांस संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं, खासकर बच्चों, बुजुर्गों और सांस के मरीजों को सतर्क रहने की जरूरत है.मौसम के इस बदलते मिजाज को देखते हुए सुबह और रात में गर्म कपड़े पहनें, कोहरे के दौरान वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और प्रदूषण अधिक होने पर लंबे समय तक खुले में रहने से बचें। आने वाले दिनों में उत्तर भारत में ठंड और कोहरे का असर और बढ़ सकता है।