भारत में 23 राज्यों में तेज आंधी और बारिश ने गर्मी से राहत दिलाई है। मानसून के अगले 2-3 दिनों में केरलम पहुंचने की संभावना है।
देशभर में जून की शुरुआत मौसम के बदले मिजाज के साथ हुई है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और बिहार समेत 23 राज्यों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने भीषण गर्मी पर ब्रेक लगा दिया है। कई राज्यों में तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे दर्ज किया गया, जबकि मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना जताई है। वहीं, दक्षिण-पश्चिम मानसून के अगले 2 से 3 दिनों में केरलम पहुंचने के संकेत हैं।
राजस्थान में बारिश से सड़कें बनीं दरिया
राजस्थान के कई जिलों में हुई तेज बारिश ने गर्मी से राहत तो दी, लेकिन कई इलाकों में जलभराव की स्थिति भी पैदा कर दी। उदयपुर के गोगुंदा में अस्पताल के बाहर पानी भर गया, जबकि जोधपुर के पीपाड़ शहर और पाली जिले के घाणेराव में सड़कें नदी जैसी नजर आईं। अलवर में एक घंटे की बारिश से बाजारों में पानी भर गया।
दिल्ली-UP समेत उत्तर भारत में तापमान लुढ़का
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 1 जून पिछले तीन वर्षों का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया। सफदरजंग क्षेत्र में अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.7 डिग्री कम है। उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में भी बारिश और बादलों के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली।
मध्य प्रदेश में आठ दिन से जारी बारिश-आंधी का दौर
मध्य प्रदेश में लगातार आठ दिनों से कहीं न कहीं आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का असर बना हुआ है। इंदौर में तेज आंधी से कई पेड़ उखड़कर वाहनों पर गिर गए, जबकि महू में धूलभरी आंधी के कारण दृश्यता प्रभावित हुई। मौसम विभाग ने राज्य के 45 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। धार और बड़वानी में तेज बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है।
2-3 दिन में केरलम पहुंचेगा मानसून
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले 48 से 72 घंटों के भीतर केरलम पहुंच सकता है। पहले इसके 26 मई तक पहुंचने का अनुमान था, लेकिन परिस्थितियों के कारण इसमें देरी हुई। सामान्य तौर पर मानसून 1 जून के आसपास केरलम में दस्तक देता है और लगभग डेढ़ महीने में पूरे देश को कवर कर लेता है।
अगले 48 घंटे में इन राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
3 जून
-
पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में 40-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
-
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार में बारिश व आंधी की संभावना।
-
केरलम, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और आंध्र प्रदेश में व्यापक बारिश का अनुमान।
-
पूर्वोत्तर राज्यों में भी आंधी और बारिश का दौर जारी रहेगा।
4 जून
-
मध्य प्रदेश, केरलम, कर्नाटक, तमिलनाडु और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश की संभावना।
-
गुजरात, राजस्थान, दिल्ली, पंजाब, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और कई अन्य राज्यों में 40 से 60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है।
-
बिहार में हीटवेव की आशंका बनी हुई है, जबकि पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में उमस बढ़ सकती है।
राज्यों का मौसम अपडेट
मध्य प्रदेश
तापमान में 5 डिग्री से अधिक की गिरावट दर्ज की गई है। अधिकांश जिलों में गर्मी का असर कम हुआ है।
राजस्थान
19 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी है। राज्य का तापमान सामान्य से करीब 5 डिग्री नीचे पहुंच गया है।
बिहार
गया, औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर, बक्सर और नवादा में तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
हरियाणा
6 जून तक आंधी-बारिश का अलर्ट है। अधिकतम तापमान 46 डिग्री से घटकर 37-38 डिग्री तक आ गया है।
उत्तराखंड
सभी जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की भी संभावना है।