अरुणेश झा | हरियाणा के कुरुक्षेत्र में सद्गुरु श्री रविदास जी महाराज के अनुयायियों के लिए बड़ी घोषणा की गई है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि उमरी गांव में 124 करोड़ रुपये की लागत से भव्य गुरु रविदास धाम का निर्माण कराया जाएगा। इस धाम में सद्गुरु श्री रविदास जी महाराज की 125 फीट ऊंची प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह स्थल आने वाली पीढ़ियों को संत रविदास जी के विचारों, समानता और सामाजिक समरसता के संदेश से परिचित कराएगा।
मुख्यमंत्री बुधवार को कुरुक्षेत्र के उमरी में आयोजित समरसता संकल्प यात्रा के स्वागत समारोह और जनसभा को संबोधित कर रहे थे। यह यात्रा सद्गुरु श्री रविदास जी महाराज के 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में निकाली जा रही है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने संत रविदास जी की पावन चरण पादुकाओं को सिर पर धारण कर यात्रा का अभिनंदन किया।
‘बेगमपुरा’ के सपने को साकार करने की बात
नायब सिंह सैनी ने कहा कि सद्गुरु रविदास जी महाराज ने करीब साढ़े छह सौ साल पहले ऐसे समाज की कल्पना की थी, जहां किसी तरह का भेदभाव, दुख, भय और अभाव न हो। उनके ‘बेगमपुरा’ का सपना समान अधिकार, सम्मान और खुशहाली पर आधारित समाज की परिकल्पना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मंत्र ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ संत रविदास जी की समानता और सामाजिक न्याय की विचारधारा का आधुनिक स्वरूप है। सरकार का प्रयास है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचे और हर वर्ग को आगे बढ़ने का समान अवसर मिले।
उन्होंने कहा कि ‘मन चंगा तो कठौती में गंगा’ का संदेश आज भी लोगों को शुद्ध विचार, ईमानदारी और अच्छे कर्मों की प्रेरणा देता है। संत-महापुरुष किसी एक जाति या समुदाय के नहीं, बल्कि पूरी मानवता की साझा धरोहर हैं।
2,402 किलोमीटर की यात्रा, 3 दिसंबर को वाराणसी पहुंचेगी
मुख्यमंत्री के अनुसार, समरसता संकल्प यात्रा की शुरुआत 18 नवंबर को पंजाब के जालंधर स्थित डेरा सचखंड बल्लां से हुई थी। करीब 2,402 किलोमीटर का सफर तय करने के बाद यात्रा 3 दिसंबर को वाराणसी स्थित सद्गुरु रविदास जी महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर पहुंचेगी।
यह यात्रा हरियाणा के आठ जिलों से होकर गुजर रही है। इसका उद्देश्य सामाजिक एकता, भाईचारे, समानता और मानवता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।
सामाजिक न्याय और आरक्षण पर भी बोले मुख्यमंत्री
नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार गरीब, वंचित और जरूरतमंद वर्गों के उत्थान के लिए काम कर रही है। उन्होंने बताया कि अनुसूचित जाति समाज के अधिकारों के संरक्षण के लिए हरियाणा राज्य अनुसूचित जाति आयोग का गठन किया गया है। साथ ही प्रथम और द्वितीय श्रेणी के सरकारी पदों में अनुसूचित जाति वर्ग के लिए 20 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है।
उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण के माध्यम से वंचित वर्गों को आगे बढ़ाने के लिए प्रयासरत है।
कार्यक्रम में कई प्रमुख हस्तियां रहीं मौजूद
कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने संत रविदास जी की शिक्षाओं को सामाजिक एकता के लिए प्रेरणादायक बताया। भाजपा प्रदेश सह-प्रभारी डॉ. भोला सिंह ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य सामाजिक भेदभाव मिटाकर सभी वर्गों को एक सूत्र में जोड़ना है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने सामाजिक समरसता को पार्टी की मूल विचारधारा बताया। कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि उमरी में बनने वाला गुरु रविदास धाम संत रविदास जी की महान विरासत का प्रतीक बनेगा।
इस अवसर पर गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज, कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी, रणबीर गंगवा, पूर्व मंत्री सुभाष सुधा, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, संत-महात्मा और श्रद्धालु उपस्थित रहे।